हरदोई में कांवड़ यात्रा से पहले बड़ा हादसा: गंगाजल लेने पहुंचे दो किशोर गंगा में डूबे, तीसरे की बची जान

Monday, August 3, 2026 - 12:07
Updated: 18 hours ago
0

हरदोई।श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर कांवड़ यात्रा के लिए गंगाजल लेने पहुंचे तीन युवकों के साथ कुसुमखोर गंगा घाट पर बड़ा हादसा हो गया। गंगा स्नान के दौरान दो किशोर नदी की मुख्य धारा में डूब गए, जबकि तीसरे युवक को स्थानीय गोताखोरों ने सकुशल बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका था।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे थाना अरवल क्षेत्र के ग्राम चौसार निवासी नारद पुत्र गोविंदराम, ऋषि पुत्र छादामें (दोनों करीब 15 वर्ष) तथा शिवम पुत्र सुनील (21 वर्ष) कुसुमखोर गंगा घाट पहुंचे थे। तीनों कांवड़ यात्रा के लिए गंगाजल लेने आए थे। बताया गया कि पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें केवल चिन्हित एवं सुरक्षित घाट पर स्नान करने की सलाह दी थी, लेकिन इसके बावजूद वे आगे बढ़कर गंगा नदी की मुख्य धारा में नहाने चले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुख्य धारा में पहुंचते ही तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण नारद और ऋषि पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोर तत्काल नदी में कूद पड़े। काफी प्रयास के बाद शिवम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि नारद और ऋषि गंगा की तेज धारा में लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना अरवल पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। उप जिलाधिकारी सवायजपुर अंकित तिवारी, नायब तहसीलदार राजेश पटेल, थानाध्यक्ष अरवल अनिल कुमार सिंह तथा अग्निशमन अधिकारी गौतम चौहान ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।

श्रावण मास के पहले सोमवार को हुए इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु गंगा घाट पर एकत्र हैं और दोनों युवकों के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का पक्ष:

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि तीनों युवक पुलिस और स्थानीय लोगों की चेतावनी के बावजूद चिन्हित घाट छोड़कर गंगा की मुख्य धारा में स्नान करने चले गए थे। इस दौरान नारद और ऋषि डूब गए, जबकि शिवम को स्थानीय गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों लापता युवकों की तलाश एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Laxmi Kant Pathak

Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)

Comments (0)

User