श्रावण मास के प्रथम सोमवार को सकाहा मंदिर पहुंचे डीएम-एसपी, पूजा-अर्चना के बाद परखी सुरक्षा व्यवस्था
हरदोई। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर जिले के प्रमुख शिवालयों में तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सकाहा मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। इसी अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सकाहा मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया तथा जनपदवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

पूजन-अर्चन के उपरांत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर तथा आसपास की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत किए गए सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा पुलिस बल की तैनाती का बारीकी से जायजा लिया।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। मंदिर परिसर और कांवड़ मार्गों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहें तथा विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। इस अवसर पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर दिनभर सकाहा मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और "हर-हर महादेव" के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)