स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लोगों को मिले लाभ - कलेक्टर
रेडक्रॉस में आयोजित जिला चिकित्सालय की समीक्षा की बैठक में दिए आवश्यक निर्देश
गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा आज जिला चिकित्सालय स्थित रेडक्रॉस भवन में चिकित्सा व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर, सिविल सर्जन डॉ. व्ही.एस. रघुवंशी सहित चिकित्सकगण एवं अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा।
कलेक्टर ने चिकित्सकों से चर्चा करते हुए मरीजों को रेफर किए जाने वाले प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राथमिकता यह रहे कि अधिक से अधिक मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे अनावश्यक रेफरल से बचा जा सके।
उन्होंने जिला चिकित्सालय एवं जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में किए जा रहे सकारात्मक कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गुना जिले के चिकित्सक निरंतर सराहनीय कार्य कर रहे हैं, जिसकी जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि लोग इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने चिकित्सकों एवं स्टाफ से अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि नगरपालिका द्वारा शहर में साफ-सफाई के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था के तहत डिवाइडरों एवं आसपास के क्षेत्रों को धूल रहित बनाए जाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाकर आने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात नियमों का पालन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा।
तंबाकू मुक्त अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए सीएमएचओ द्वारा बताया गया कि इस सप्ताह तंबाकू नियंत्रण कार्रवाई के अंतर्गत 3900 रुपये का चालान किया गया है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि तंबाकू मुक्त गुना की दिशा में यह कार्रवाई आगे भी सतत रूप से जारी रखी जाए।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने चिकित्सा व्यवस्थाओं में और अधिक सुधार के लिए उपस्थित चिकित्सकों एवं स्टाफ से सुझाव आमंत्रित किए और सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



