सोशल मीडिया पर ईरानी हमलों का जश्न मनाने के आरोप में बहरीन में छह विदेशी गिरफ्तार
बहरीन (आरएनआई) मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच बहरीन की सुरक्षा एजेंसियों ने सोशल मीडिया पर ईरान समर्थक पोस्ट और वीडियो साझा करने के आरोप में छह विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक बांग्लादेशी नागरिक और पांच पाकिस्तान के नागरिक शामिल हैं। स्थानीय मीडिया और बहरीन न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार यह कार्रवाई विस्तृत जांच के बाद की गई।
जानकारी के मुताबिक बांग्लादेशी नागरिक की पहचान मोहम्मद इसराफिल मीर के रूप में हुई है, जबकि बाकी पांच आरोपी पाकिस्तानी नागरिक बताए जा रहे हैं। यह कार्रवाई बहरीन का आंतरिक मंत्रालय और जनरल डायरेक्टरेट ऑफ एंटी-करप्शन एंड इकोनॉमिक एंड इलेक्ट्रॉनिक सिक्योरिटी की संयुक्त जांच के बाद की गई।
अधिकारियों के अनुसार आरोपियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ईरान के समर्थन में कथित तौर पर भ्रामक वीडियो और पोस्ट साझा किए थे। आरोप है कि उन्होंने कुछ स्थानों पर हुए हमलों से जुड़े वीडियो रिकॉर्ड कर ऑनलाइन प्रसारित किए, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता था और आम लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि इन छह एशियाई नागरिकों की पहचान ऐसी गतिविधियों में शामिल होने के आधार पर की गई है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामला आगे की प्रक्रिया के लिए पब्लिक प्रॉसिक्यूशन को भेज दिया गया है।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के प्रभाव को देखते हुए बहरीन की एजेंसियों ने ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी और कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने नागरिकों और विदेशी निवासियों को चेतावनी दी है कि वे बिना अनुमति के किसी भी तरह के वीडियो, तस्वीरें या संवेदनशील जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें, खासकर वे सामग्री जो मौजूदा संघर्ष या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी हो।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)