सात दिन बाद जंगल में मिली लापता युवती, पांच दिन तक ड्रोन, डॉग स्क्वॉड और 50 CCTV के सहारे चला सर्च ऑपरेशन
उत्तराखंड के रानीखेत के मजखाली क्षेत्र से करीब एक सप्ताह से लापता 28 वर्षीय युवती को अल्मोड़ा पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने घने जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी इलाके में पांच दिनों तक चले सघन सर्च अभियान के बाद मंगलवार शाम सुंदरखाल के जंगल में युवती का पता लगाया गया।
पुलिस के अनुसार, रानीखेत निवासी गिरीश पुजारी ने 3 जुलाई को कोतवाली में अपनी बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। युवती 1 जुलाई की शाम बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, डॉग स्क्वॉड और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल और बूबूधाम के जंगलों में लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और ड्रोन कैमरों की भी मदद ली गई।
मंगलवार शाम संयुक्त टीम ने सुंदरखाल गांव से करीब चार किलोमीटर दूर घने जंगल में युवती को सकुशल खोज निकाला। प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे स्ट्रेचर के सहारे लगभग छह किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक लाया गया, जहां से एंबुलेंस के जरिए राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया। पुलिस के अनुसार युवती की हालत स्थिर है और मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)