शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर कांग्रेस का नया अभियान, राहुल गांधी ने युवाओं से की जुड़ने की अपील
नई दिल्ली।(आरएनआई) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने छात्रों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत की है। कांग्रेस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षा, परीक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाना और युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाना है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं से इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पहल उन छात्रों और युवाओं के लिए है, जिन्होंने पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं, बढ़ती फीस और रोजगार से जुड़ी चुनौतियों का सामना किया है। उनके अनुसार, वर्तमान व्यवस्था के कारण लाखों युवाओं के सपने प्रभावित हुए हैं और अनेक परिवारों ने अपने बच्चों की शिक्षा के लिए जीवनभर की कमाई खर्च कर दी है।
राहुल गांधी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि युवाओं को अपनी बात रखने का एक मंच है। इसके माध्यम से सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था तथा सम्मानजनक रोजगार की मांग को सरकार के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने युवाओं से अभियान से जुड़ने, अपने सुझाव साझा करने और याचिका पर हस्ताक्षर करने का भी आग्रह किया।
कांग्रेस का कहना है कि देश की शिक्षा और भर्ती प्रणाली में सुधार की आवश्यकता है। पार्टी इस अभियान के जरिए पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, कोचिंग संस्थानों की बढ़ती फीस और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
पार्टी ने इसके लिए देशव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की है। अभियान के तहत विभिन्न राज्यों में जनसंपर्क कार्यक्रम, संवाद, चर्चाएं और विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। साथ ही शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को संसद के भीतर भी जोरदार तरीके से उठाने की रणनीति बनाई गई है।
कांग्रेस का दावा है कि यह अभियान युवाओं की आकांक्षाओं और चिंताओं को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)