वृंदावन के श्रीमद् भागवत मंदिर में करंट और हाईटेंशन लाइन से खतरा, आचार्य ने विद्युत विभाग से लगाई गुहार
वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीमद् भागवत मंदिरम् में बिजली व्यवस्था को लेकर गंभीर खतरे की स्थिति सामने आई है। मंदिर के आचार्य बद्रीश ने विद्युत विभाग को शिकायत पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
शिकायत के अनुसार, मंदिर के बाहर लगे बिजली के खंभे और आसपास नमी होने के कारण लोहे की सीढ़ियों और पूरे पानी के सिस्टम में करंट उतर रहा है। मंदिर परिसर में चल रहे वेद विद्यालय में 50 से 60 विद्यार्थी अध्ययन करते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अधिक मास के चलते परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भी बनी हुई है, ऐसे में दुर्घटना की आशंका और अधिक गंभीर हो गई है।
आचार्य बद्रीश ने बताया कि मंदिर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का एक तार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। उनका कहना है कि यह तार कभी भी टूटकर श्रद्धालुओं पर गिर सकता है। इसके अलावा मंदिर के दरवाजे के दोनों ओर लगे बिजली के खंभों में तार आपस में टकराते रहते हैं, जिससे तेज धमाकेदार आवाजें आती हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मंदिर के बाईं ओर गली में गई बिजली लाइन पास के एक नवनिर्मित मकान के लोहे के जाल से टकराती रहती है। इससे कई बार बंदरों के झुलसने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। मंदिर प्रशासन ने इसे भी जनहानि का बड़ा खतरा बताया है।
मंदिर की अर्थिंग लाइन बार-बार बंद होने से बिजली उपकरणों के फुंकने और वोल्टेज ऊपर-नीचे होने की समस्या भी लगातार बनी हुई है। इसके अलावा मंदिर प्रशासन ने बिना जानकारी दिए स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर भी आपत्ति जताई है और इसे आर्थिक व मानसिक परेशानी का कारण बताया है।
मंदिर प्रशासन ने विद्युत विभाग से सभी समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)