यूपी बोर्ड कॉपियों का मूल्यांकन 18 मार्च से, 249 केंद्रों पर सख्त निगरानी में होगा कार्य
लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 2026 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू होगा। यह प्रक्रिया 1 अप्रैल तक चलेगी और पूरे प्रदेश में बनाए गए 249 मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियों की जांच की जाएगी। मूल्यांकन कार्य में लगाए गए शिक्षकों को 16 मार्च से केंद्रों पर ज्वाइन करना होगा।
परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह गोपनीय और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी मौखिक, लिखित, डिजिटल या इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से साझा करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। गोपनीयता भंग होने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मूल्यांकन कार्य की निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा। वहीं हर मूल्यांकन केंद्र पर जिलाधिकारी द्वारा स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। पूरी प्रक्रिया वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएगी, जिसकी कनेक्टिविटी जिला और राज्य स्तर के कंट्रोल रूम से जोड़ी जाएगी।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षक और कर्मचारी मूल्यांकन कक्ष में मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं ले जा सकेंगे। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अवांछनीय तत्वों पर नजर रखने के लिए एलआईयू और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।
मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के बंडलों को परिषद के क्षेत्रीय कार्यालयों तक पहुंचाने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक ट्रक के साथ दो सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
परिषद के अनुसार 17 मार्च को सभी मूल्यांकन केंद्रों पर उप नियंत्रक द्वारा मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा शिक्षकों को परिचय पत्र भी जारी किए जाएंगे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)