'मेरी कौन सी गतिविधि पार्टी विरोधी?'— भाजपा से निष्कासन पर आर.के. सिंह का सवाल

Nov 16, 2025 - 11:21
 0  378
'मेरी कौन सी गतिविधि पार्टी विरोधी?'— भाजपा से निष्कासन पर आर.के. सिंह का सवाल

पटना (आरएनआई)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरा से सांसद रहे राज कुमार सिंह (आर.के. सिंह) ने भाजपा द्वारा अपने निलंबन और संभावित निष्कासन की कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पार्टी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर उनकी कौन-सी गतिविधि “पार्टी विरोधी” कही जा रही है। आर.के. सिंह का कहना है कि शो-कॉज़ नोटिस मिलने के तुरंत बाद उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को अपना इस्तीफा भेज दिया है।

आर.के. सिंह ने कहा कि पार्टी से उनके खिलाफ लगाए गए आरोप स्पष्ट नहीं किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अपने जवाब में उन्होंने साफ लिखा है कि वह यह जानना चाहते हैं कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया जिसे विरोधी गतिविधि माना गया। उनके अनुसार, उनका एकमात्र बयान यह था कि अपराधियों या भ्रष्ट पृष्ठभूमि वाले लोगों को टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह बात कहना पार्टी विरोधी गतिविधि है? उनका कहना है कि ऐसे लोगों को टिकट देने से पार्टी की छवि खराब होती है, और यह न तो पार्टी के हित में है, न देश और न ही जनता के।

आर.के. सिंह ने यह भी कहा कि यदि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों पर सवाल उठाने से किसी को परेशानी होती है, तो ऐसे माहौल में रहने का कोई अर्थ नहीं रह जाता। उन्होंने इसे सिद्धांतों से समझौता न करने की बात कही।

गौरतलब है कि भाजपा ने एक दिन पहले ही राजकुमार सिंह, कटिहार के विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल और मेयर उषा अग्रवाल पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की थी। बिहार भाजपा के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा द्वारा जारी पत्र में कहा गया कि तीनों नेताओं की गतिविधियां अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती हैं और इससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुँचा है तथा कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित हुआ है।

पार्टी ने तीनों नेताओं को छह वर्ष के लिए निलंबित कर दिया है और उनसे एक सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा है। नोटिस में पूछा गया है कि क्यों न उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाए। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वरिष्ठ नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद ही यह निर्णय लिया गया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.