मां के चरण पखारते ही छलक पड़े आंसू, केडीएस इंटरनेशनल स्कूल में भावनाओं से सराबोर हुआ मातृ पूजन दिवस
मनोज चौधरी
मथुरा के सलेमपुर रोड स्थित केडीएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित मातृ पूजन दिवस के दौरान शनिवार को ममता, संस्कार और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में उस समय पूरा सभागार भावुक हो उठा, जब नन्हें बच्चों ने अपनी माताओं के चरण पखारे, आरती उतारी और हाथ जोड़कर कहा, “मां, आपका साथ कभी नहीं छोड़ूंगा… आप भी मुझे कभी मत छोड़ना, आपका आंचल ही मेरी दुनिया है।” बच्चों की इन भावुक बातों को सुनकर कई माताओं की आंखों से आंसू छलक पड़े और पूरा वातावरण वात्सल्य रस से भर गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने मां की महिमा पर आधारित गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। हर प्रस्तुति में मां के त्याग, प्रेम और ममता की झलक दिखाई दी। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण माताओं की सहभागिता रही। बच्चों की माताओं ने भी नृत्य, मनोरंजक खेल और रैंप वॉक में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंच पर जब माताएं अपने बच्चों के साथ मुस्कुराते हुए कदम से कदम मिलाकर चलती नजर आईं, तो वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक और प्रसन्न दिखाई दिया।
इस अवसर पर केडीएस एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में बच्चे अपनी संस्कृति और संस्कारों से दूर होते जा रहे हैं, इसलिए विद्यालय द्वारा मातृ पूजन दिवस का आयोजन किया गया ताकि नई पीढ़ी मां के महत्व और भारतीय परंपराओं को समझ सके।

प्रोफेसर डॉक्टर मांडवी राठौर ने भी मां और बच्चे के रिश्ते की गहराई को भावुक शब्दों में व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका वंदना शर्मा ने किया, जबकि इसकी रूपरेखा अंजू चतुर्वेदी ने तैयार की। इस अवसर पर गीता बघेल, पारुल, डॉली, नेहा, दीपाली, श्रुति जादौन, शिवकुमार, रवि कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)