मधुसूदनगढ़ क्षेत्र में कोचिंग के बहाने घर से निकलीं तीन लड़कियां लापता, थाने पर लामबंद हुए परिजन, युवकों पर शक

Jul 21, 2025 - 20:28
Jul 21, 2025 - 20:32
 0  1.3k
मधुसूदनगढ़ क्षेत्र में कोचिंग के बहाने घर से निकलीं तीन लड़कियां लापता, थाने पर लामबंद हुए परिजन, युवकों पर शक

गुना (आरएनआई) जिले के मधुसूदनगढ़ क्षेत्र के बिधोरिया गांव से तीन लड़कियों के अचानक लापता हो जाने से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया है। इनमें दो बालिग युवतियां और एक नाबालिग शामिल है। परिजनों का कहना है कि तीनों रविवार को घर से कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन देर शाम तक जब वे वापस नहीं लौटीं, तो चिंता गहराने लगी। परिजनों ने पहले स्थानीय स्तर पर रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लड़कियों की तलाश में जब सभी प्रयास असफल रहे, तो परिवारजन रविवार रात मधुसूदनगढ़ थाने पहुंचे और तीनों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और गांव पहुंचकर प्रारंभिक पूछताछ के बाद तलाश शुरू की गई।

सोमवार को स्थिति और तनावपूर्ण हो गई जब बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंच गए और पुलिस से मांग की कि लड़कियों को शीघ्र खोजा जाए। इस दौरान परिजनों ने दो स्थानीय युवकों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि दोनों युवक लड़कियों को बहला-फुसलाकर कहीं ले गए हैं। परिजनों ने यह भी बताया कि जब उन्होंने उन युवकों से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनके मोबाइल फोन बंद मिले। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गंभीर है और वे हर एंगल से जांच कर रहे हैं। लापता लड़कियों की अंतिम लोकेशन, मोबाइल कॉल डिटेल और संभावित संपर्कों की पड़ताल की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि लड़कियों की गतिविधियां किस दिशा में थीं। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ युवकों से पूछताछ भी की है, हालांकि अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।  इधर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। फिलहाल तीनों लड़कियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है और पुलिस खोजबीन में जुटी हुई है। थाना प्रभारी का कहना है कि लापता लड़कियों को जल्द सुरक्षित ढूंढ निकाला जाएगा और यदि कोई उन्हें गुमराह करके ले गया है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0