मथुरा में बड़ा रेल हादसा: कोयले से लदी मालगाड़ी पटरी से उतरी, 12 डिब्बे डिरेल — दिल्ली-आगरा रूट ठप, सैकड़ों यात्री फंसे
मथुरा (आरएनआई): बुधवार रात मथुरा के जैंत इलाके में बड़ा रेल हादसा हो गया। दिल्ली की ओर जा रही कोयले से लदी एक मालगाड़ी वृंदावन-आझई सेक्शन के बीच अचानक पटरी से उतर गई। हादसे में मालगाड़ी के 12 डिब्बे पटरी से उतरकर आड़े-तिरछे होकर ट्रैक पर फैल गए, जिससे दिल्ली-आगरा अप और डाउन दोनों ट्रैक पर रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
दुर्घटना के बाद ट्रैक पर कोयला फैल गया और आसपास का इलाका धुएं और धूल से भर गया। हादसे की सूचना मिलते ही आगरा कैंट से दुर्घटना राहत ट्रेन और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक राहत एवं मरम्मत कार्य जारी था।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे यह हादसा हुआ। इसके बाद से शताब्दी एक्सप्रेस, पंजाब मेल, नंदा देवी एक्सप्रेस, मेवाड़ एक्सप्रेस, देहरादून एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सहित एक दर्जन से अधिक ट्रेनें मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट और आसपास के स्टेशनों पर रोक दी गईं।
यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई ट्रेनें घंटों तक रुकी रहीं और यात्री डिब्बों में ही फंसे रहे।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रात साढ़े दस बजे के बाद दिल्ली की ओर जाने वाले ट्रेनों को चौथी लाइन से गुजारने की कोशिश की गई, लेकिन अप ट्रैक अब भी बाधित रहा। दुर्घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, जांच टीमें मौके पर हैं और ट्रैक बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं —
मथुरा: 0565-2402008, 0565-2402009
आगरा कैंट: 0562-2460048, 0562-2460049
धौलपुर: 0564-2224726
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है और जल्द से जल्द ट्रैक को सुचारु करने का आश्वासन दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



