भितरवार से लाडली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी, 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में पहुँचे ₹1863 करोड़: सिंधिया
ग्वालियर/गुना (आरएनआई)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को ग्वालियर जिले के भितरवार से मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में लाडली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी की। मुख्यमंत्री मोहन यादव की उपस्थिति में कुल ₹1863 करोड़ की राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में स्थानांतरित की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने इसे मातृशक्ति के सम्मान और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

सिंधिया ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान, स्वावलंबन और सामाजिक सशक्तिकरण का उत्सव है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले ऐसा समय था जब प्रधानमंत्री एक रुपया भेजते थे तो लाभार्थी तक केवल 15 पैसे ही पहुँचते थे, लेकिन आज भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री के बटन दबाते ही राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुँच जाती है।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इनमें प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और भितरवार के विधायक मोहन सिंह राठौर सहित अन्य नेता शामिल थे।

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने ‘अंत्योदय’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत में महिलाओं को ₹1000 प्रतिमाह दिए जाते थे, जिसे पहले बढ़ाकर ₹1250 किया गया और अब इसे बढ़ाकर ₹1500 प्रतिमाह कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि आने वाले पाँच वर्षों में इस राशि को बढ़ाकर ₹3000 प्रतिमाह तक किया जाएगा।
सिंधिया ने कहा कि एक समय था जब बेटियों को बोझ समझा जाता था, लेकिन आज जब बेटी जन्म लेती है तो वह लाडली लक्ष्मी बनकर आती है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव को “डबल हैंडेड बैट्समैन” बताते हुए कहा कि एक हाथ में वे लाडली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बना रहे हैं, तो दूसरे हाथ से क्षेत्र के विकास के लिए नई परियोजनाएँ लेकर आ रहे हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण का नया अध्याय लिखा जा रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में अग्रणी भूमिका दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 25 हजार करोड़ रुपये की पीएम जनमन योजना के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों में सड़क, अस्पताल और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने भितरवार विधानसभा क्षेत्र में चल रही और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत चीनोर–करैया मार्ग से करैया–भितरवार तक लगभग 33 किलोमीटर लंबी कंक्रीट सड़क का निर्माण ₹82.04 करोड़ की लागत से किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और व्यापार व आवागमन को गति मिलेगी।
इस अवसर पर सिंधिया ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्रीय विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। इनमें शबरी माता के वृहद मंदिर का निर्माण और उसमें भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा की स्थापना, भगवान देवनारायण मंदिर में प्रतिवर्ष भव्य मेले का आयोजन, भितरवार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल में उन्नत करना, घाटीगांव के उपस्वास्थ्य केंद्र को पीएचसी में बदलना, भितरवार और घाटीगांव में नए आईटीआई कॉलेज की स्थापना, हरसी बांध के कैनाल सिस्टम का उन्नयन, भितरवार कृषि उपज मंडी का विस्तार, ₹120 करोड़ की आरोन–पाटई उद्वहन सिंचाई योजना की स्वीकृति तथा चीनोर, करैया और घाटीगांव में सीएम राइज संदीपनी विद्यालयों की स्थापना जैसी मांगें शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की मातृशक्ति सशक्त होकर नए भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और यही शक्ति ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में निर्णायक साबित होगी।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री मुरार में आयोजित कुशवाहा समाज के विशाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवदंपतियों को शुभकामनाएँ देते हुए समाज के युवाओं से आधुनिकता के साथ अपने संस्कार, मर्यादा और सामाजिक एकता को बनाए रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Related Posts
Security Check
Please complete the captcha to verify you are human.
Comments (0)