भारत एक जुनूनी फुटबॉल राष्ट्र : लियोनल मेसी

अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी ने गुरुवार को भारत दौरे की पुष्टि कर दी है। उन्होंने इसके लिए उत्सुकता जताई है और कहा है कि एक ऐसे देश में खेलना जहां फुटबॉल को लेकर काफी जुनून है, ये उनके लिए सम्मान की बात है। मेसी 14 साल पहले भारत दौरे पर आए थे और उस दौरान उन्होंने एक दोस्ताना मुकाबले में हिस्सा लिया था। 

Oct 2, 2025 - 12:45
 0  135
भारत एक जुनूनी फुटबॉल राष्ट्र : लियोनल मेसी

नई दिल्ली (आरएनआई) अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी ने गुरुवार को भारत दौरे की पुष्टि कर दी है। उन्होंने इसके लिए उत्सुकता जताई है और कहा है कि एक ऐसे देश में खेलना जहां फुटबॉल को लेकर काफी जुनून है, ये उनके लिए सम्मान की बात है। मेसी 14 साल पहले भारत दौरे पर आए थे और उस दौरान उन्होंने एक दोस्ताना मुकाबले में हिस्सा लिया था। 

मेसी ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा, 'इस दौरे पर आना मेरे लिए सम्मान की बात है। भारत एक विशेष देश है और 14 साल पहले वहां की मेरी अच्छी यादें हैं। भारत एक जुनूनी फुटबॉल राष्ट्र है और मैं नई पीढ़ी के फैंस से मिलने के लिए उत्साहित हूं।' आयोजकों ने 15 अगस्त को ही मेसी के कार्यक्रम की घोषणा कर दी थी, लेकिन इस स्टार फुटबॉलर ने पहली बार इस दौरे की पुष्टि की है।

मेसी अपनी चार शहरों की यात्रा की शुरुआत 13 दिसंबर को कोलकाता से करेंगे, जिसके बाद वह अहमदाबाद, मुंबई और नई दिल्ली जाएंगे। इस यात्रा का समापन 15 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ होगा। अर्जेंटीना का यह सुपरस्टार इस दौरे के दौरान कई कार्यक्रमों में शिरकत करेगा। इनमें कॉन्सर्ट, मुलाकात का सत्र, फूड फेस्टिवल, फुटबॉल मास्टरक्लास और यहां तक कि मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में एक पैडल प्रदर्शनी भी शामिल है। 

कोलकाता में मेसी का कार्यक्रम सॉल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। यह स्टेडियम दूसरी बार इस दिग्गज की मेजबानी करेगा। जहां वह 13 दिसंबर को जीओएटी कॉन्सर्ट और जीओएटी कप का हिस्सा बनेंगे। मेसी के जीओएटी कप में सौरव गांगुली, बाईचुंग भूटिया और लिएंडर पेस जैसे भारतीय खेल नायकों के साथ मैदान साझा करने की उम्मीद है।

आयोजक दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान एक 25 फुट ऊंचा भित्ति चित्र का अनावरण करने की भी योजना बना रहे हैं। इसके साथ ही मेसी की अब तक की सबसे बड़ी मूर्ति का उद्घाटन भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के लिए टिकटों की कीमत 3,500 रुपये से शुरू होने की उम्मीद है। मेसी ने इससे पहले 2011 में सॉल्ट लेक स्टेडियम में वेनेजुएला के खिलाफ फीफा के मैत्री मैच में अर्जेंटीना की कप्तानी की थी। इस दौरे के प्रमोटर शतद्रु दत्ता ने बताया कि इस दौरान भारतीय और अर्जेंटीना की संस्कृति का मिश्रण पेश किया जायेगा।  

मेसी मुंबई में पैडल जीओएटी कप में भी शामिल होंगे और कई सितारों से मुलाकात करेंगे। इसमें सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और अन्य सितारे शामिल हो सकते हैं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व होने की उम्मीद है, जिसमें मेसी की टीम और स्थानीय अधिकारी दोनों शामिल होंगे। मेसी अपने दिसंबर के कार्यक्रमों की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन अर्जेंटीना की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ने नवंबर के फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो के लिए अपने कार्यक्रम में भारत को शामिल किया है।

कोच लियोनेल स्कालोनी की यह विश्व चैंपियन टीम 10 से 18 नवंबर के बीच केरल में एक मैत्री मैच खेलने वाली है। इसके लिए हालांकि प्रतिद्वंद्वी और स्थान अभी तय नहीं किए गए हैं। टीम का यह दौरा अगर हुआ तो इसका मतलब हो सकता है कि मेसी दो महीनों के भीतर दो बार भारत आ सकते हैं। राज्य के एक सूत्र ने कहा, यह महान फुटबॉल खिलाड़ी अगर एक महीने के अंदर दो बार भारत आता है तो मुझे आश्चर्य होगा। यह भी हो सकता है कि अर्जेंटीना की टीम मेसी के बिना केरल में खेलने आए।

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और 2022 फीफा विश्व कप विजेता कप्तान मेसी दुनिया भर में सबसे ज्यादा लोकप्रियता वाले फुटबॉल खिलाड़ी है। उनका दिसंबर का दौरा भारत में आयोजित होने वाले सबसे बड़े फुटबॉल-संबंधित आयोजनों में से एक होने की उम्मीद है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.