बेनीगंज महुआकोला में बिना अनुमति प्रतिमा स्थापना, पुलिस ने 11 को पकड़ा
गांव में तनाव के बाद प्रशासन ने संभाला मोर्चा, कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
हरदोई (आरएनआई)। थाना बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम महुआकोला में बुद्ध प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पुलिस के अनुसार कुछ स्थानीय लोगों द्वारा बाहरी व्यक्तियों के साथ मिलकर बिना वैध अनुमति के मंदिर में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित की जा रही थी, जिसकी सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बताया गया कि 27 मई 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पुलिताल पुत्र गिरिजा प्रसाद मौर्य की निजी भूमि पर बने मंदिर में प्रतिमा स्थापित की जा रही है। सूचना पर एसडीएम और क्षेत्राधिकारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शासन के नियमों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी सार्वजनिक अथवा निजी स्थल पर धार्मिक प्रतिमा स्थापित करने से पूर्व शासन की अनुमति आवश्यक होती है।
पुलिस के मुताबिक समझाने के दौरान कुछ लोग आक्रोशित हो गए और विरोध करने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में थाना बेनीगंज में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवम मौर्य पुत्र अशोक कुमार निवासी टेढ़ी पुलिया लखनऊ, रिंकू मौर्य पुत्र रामसेवक, मोहम्मद पुत्र सुभान, अनुज पुत्र भेनू, राजेश्वर पुत्र ललता, नन्हे पुत्र मुन्ना, सेवन पुत्र सिहू, प्रीति पत्नी रिंकू, अनुपम पत्नी सुभाष तथा राजाराम मौर्य पुत्र धनश्याम निवासीगण ग्राम महुआकोला थाना बेनीगंज जनपद हरदोई और मुकेश मौर्य पुत्र रामकिशोर निवासी ग्राम पहरी थाना जंगबहादुरगंज जनपद रायबरेली शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, बीएनएस और सीएलए एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है तथा मामले की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)