बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर VHP का प्रदर्शन, हालात तनावपूर्ण; पुलिस से हुई झड़प
नई दिल्ली (आरएनआई)। बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित अत्याचार और हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग के विरोध में मंगलवार को राजधानी दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर विश्व हिंदू परिषद (VHP) और अन्य हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी देखने को मिली।
विश्व हिंदू परिषद ने पहले ही ऐलान किया था कि वह बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा के विरोध में सुबह 11 बजे से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगी। इसी के तहत बड़ी संख्या में VHP कार्यकर्ता और अन्य संगठनों से जुड़े लोग बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन के मद्देनजर बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जैसे-जैसे प्रदर्शन तेज हुआ, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और किसी भी बड़े हादसे को टाल दिया।
इस बीच कूटनीतिक स्तर पर भी घटनाक्रम तेज हो गया है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने आज भारत में बांग्लादेश के भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा को तलब किया है, जिससे मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में 27 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की कथित तौर पर भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद भारत में विभिन्न हिंदू संगठनों में आक्रोश है और वे लगातार बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर आवाज उठा रहे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



