फतेहपुर में सरदार सेना का प्रदर्शन: पुलिस सतर्क, मांगों पर डीएम-एसपी से हुई वार्ता

Saturday, September 13, 2025 - 20:32
Updated: 1 year ago
0
फतेहपुर में सरदार सेना का प्रदर्शन: पुलिस सतर्क, मांगों पर डीएम-एसपी से हुई वार्ता

फतेहपुर (आरएनआई) धाता थाना क्षेत्र के अजरौली गांव में 18 दिन पूर्व हुए किसान केशपाल पटेल हत्याकाण्ड में गिरफ्तार हत्यारोपी को फांसी की सजा दिए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर सरदार सेना के पदाधिकारियों ने धरना-प्रदर्शन की चेतावनी जारी की थी। जिसको दृष्टिगत रखते हुए जिले का पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रही। इसके बावजूद सरदार सेना के पदाधिकारी व विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग पटेलनगर चैराहे पर एकत्र हो गए। जहां से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट गेट तक पहुंचे। जहां पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरीकेटिंग लगाई थी। बैरीकेटिंग से मृतक के परिजनों समेत पंद्रह सदस्यी प्रतिनिधि मंडल को ही अंदर प्रवेश मिला। प्रतिनिधि मंडल ने डीएम-एसपी से वार्ता कर अपनी मांगे गिनाई। जिस पर अधिकारियों ने सभी मांगों को पूरा किए जाने का आश्वासन दिया। 

सरदार सेना के जिला प्रभारी चन्द्रभान यादव की अगुवई में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग पटेलनगर चैराहे पर एकत्र हुए। जहां सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जुलूस की शुरूआत की। नारेबाजी करते हुए बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। कलेक्ट्रेट गेट पहुंचने पर पुलिस ने बैरीकेटिंग पर भीड़ को रोक लिया और अंदर जाने से मना किया। जिसको लेकर पुलिस व भीड़ के बीच हल्की झड़प भी हुई। उप जिलाधिकारी सदर, अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल से वार्ता होने के पश्चात मृतक किसान केशपाल पटेल के परिजनों समेत पंद्रह सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल को कलेक्ट्रेट में प्रवेश की अनुमति दी गई। जिस पर प्रतिनिधि मंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा और डीएम-एसपी से मिलकर वार्ता की। सरदार सेना ने मांग उठाई कि आरोपी को फांसी दी जाए, आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया जाए, मृतक के परिजनों को पचास लाख रुपए व घायलों को पांच-पांच लाख रुपए दिया जाए, दोषी पुलिस कर्मियों को निलंबित किया जाए, पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने के साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए, परिवार को एक शस्त्र लाइसेंस भी मुहैया कराया जाए। मांगों को सुनने के बाद डीएम रविन्द्र सिंह ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि सभी मांगों को पूरा करवाया जाएगा। सरदार सेना के पदाधिकारियों का कहना रहा कि यदि इस मामले में हीलाहवाली की गई तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी। इस मौके पर आरएस पटेल, चिराग पटेल, नरसिंह पटेल, बासुदेव पासी, अमित पाल, फूल सिंह मौर्य, राजेश पाटिल, केपी कोरी, सतेंद्र पटेल, गोलू पटेल, रामलाल पटेल, जगदीश्वर पटेल, गोविन्द पटेल, वीरेंद्र पटेल सहित तमाम संगठन के लोग रहे। 

शहर की सीमाएं रहीं सील 
फतेहपुर। अजरौली हत्याकाण्ड में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए जाने के लिए सरदार सेना के धरना-प्रदर्शन के आहवान को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क रहा। डीएम व एसपी के निर्देशन में शहर की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया था। चार पहिया वाहनों को चेक करके ही प्रवेश दिया गया। साथ ही शहर के चैराहों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। जिसके प्रदर्शनकारी अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल न पहुंच सकें।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User