प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम पर विवाद, अनुमति रद्द होने पर BJP पर साधा निशाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रयागराज में प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कार्यक्रम के लिए दी गई अनुमति अंतिम समय में रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें छात्रों के हक की बात करने से कोई नहीं रोक सकता।
कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट ने कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने के पीछे इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश, लगातार बारिश से केपी ग्राउंड में जलभराव और जिला प्रशासन से अंतिम अनुमति न मिलने को कारण बताया है। ट्रस्ट का कहना है कि हाईकोर्ट के 14 अगस्त 2025 के आदेश के अनुसार मैदान का उपयोग केवल खेल और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जा सकता है।
राहुल गांधी का यह कार्यक्रम प्रयागराज के केपी ग्राउंड में आयोजित होना था, जिसमें पेपर लीक, फीस बढ़ोतरी, सीटों में कटौती और बेरोजगारी जैसे छात्र मुद्दों पर संवाद प्रस्तावित था। कांग्रेस का आरोप है कि अनुमति रद्द करना प्रशासनिक नहीं, बल्कि राजनीतिक फैसला है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय उन्हें दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सवाल पूछने वालों पर कार्रवाई की जा रही है और अब छात्रों से संवाद का कार्यक्रम भी रोकने की कोशिश की गई है।
राहुल गांधी ने कहा कि वे अपने कार्यक्रम से पीछे नहीं हटेंगे और 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचकर छात्रों से संवाद करने का प्रयास करेंगे। वहीं प्रशासन और ट्रस्ट ने सुरक्षा एवं न्यायालय के आदेशों का पालन करने की बात कही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)