पीड़ितों की शिकायतों का करें त्वरित निस्तारण: डीएम

Monday, August 18, 2025 - 20:00
Updated: 1 year ago
0
पीड़ितों की शिकायतों का करें त्वरित निस्तारण: डीएम

खागा, फतेहपुर (आरएनआई) तहसील सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर कुल 149 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से दस शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत गंभीरता से सुनी जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस में नगर पंचायत खखरेरू के सभासदों ने नगर में व्याप्त भ्रष्टाचार की शिकायत प्रस्तुत की। डीएम ने तुरंत संज्ञान लेते हुए एसडीएम अभिनीत कुमार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पंचायतों में पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ विकास कार्य कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके अलावा भदोहा निवासी सूर्यभान त्रिपाठी ने अपने परिवार में बंटवारे के मामले में हो रही देरी को लेकर शिकायत दर्ज की। डीएम ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को प्रकरण की शीघ्र जांच कर निस्तारण करने का आदेश दिया। इसी प्रकार कई ग्रामीणों ने आवास, पेंशन, बिजली कनेक्शन, सड़क मरम्मत तथा राजस्व संबंधी मामलों की शिकायतें प्रस्तुत कीं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न किया जाए। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी अभिनीत कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। नियमित रूप से आयोजित हो रहे समाधान दिवस से आम जनता को अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। इस मौके पर सीओ बृजमोहन राय, तहसीलदार शैल कुमारी, नायब तहसीदार अरविंद सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रत्नमणि मिश्रा, पूर्ति निरीक्षक हरीश साहनी, अरविंद पांडेय, कोतवाल राजकुमार सिंह, मौजूद रहे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User