पीएम मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, हरियाणा में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

Jul 17, 2026 - 12:33
 0  135
पीएम मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, हरियाणा में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जींद और सोनीपत रेलवे स्टेशनों के बीच संचालित होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने राज्य में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इस अवसर को हरियाणा के लिए ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह केवल परियोजनाओं का लोकार्पण नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प और हरित ऊर्जा की दिशा में देश की बड़ी उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का गौरव हरियाणा और जींद को मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि भारत अब केवल योजनाएं बनाने वाला देश नहीं, बल्कि तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक निवेशकों का भरोसा भारत पर बढ़ा है और देश तेजी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हाइड्रोजन तकनीक के क्षेत्र में भारत ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस पहल के साथ भारत उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो गया है, जहां हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन का संचालन हो रहा है। उन्होंने इसे हरित और टिकाऊ रेल परिवहन की दिशा में बड़ा कदम बताया।

जींद में स्थापित हाइड्रोजन प्लांट में हाइड्रोजन से बिजली तैयार की जाती है, जिसके माध्यम से इस ट्रेन का संचालन होगा। इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इससे किसी प्रकार का धुआं या प्रदूषण नहीं फैलता। ट्रेन के संचालन के दौरान केवल जलवाष्प और पानी की बूंदें उत्सर्जित होती हैं, जिससे यह पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल परिवहन प्रणाली मानी जाती है।

रेल मंत्री ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि स्वच्छ ऊर्जा और अत्याधुनिक तकनीक से संचालित भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था के प्रति देश की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पहल विश्वस्तरीय रेलवे अवसंरचना विकसित करने और स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.