20वें दिन भी जारी सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल, बोले- "20 जुलाई तक जिंदा रहूंगा, नहीं तो भूत बनकर वापस आऊंगा"
दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल शुक्रवार को 20वें दिन में प्रवेश कर गई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर वह 28 जून से अनशन पर बैठे हैं। इस दौरान कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने जंतर-मंतर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
डॉक्टरों के अनुसार, लगातार उपवास के कारण सोनम वांगचुक का वजन 9 किलोग्राम से अधिक घट चुका है और उनका स्वास्थ्य धीरे-धीरे कमजोर होता जा रहा है। डॉक्टर सतीश लांबा ने बताया कि शुक्रवार को उनका वजन 56.55 किलोग्राम दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटों में 350 ग्राम कम हुआ है। उनका ब्लड प्रेशर 108/68, ब्लड शुगर 70 mg/dL और हार्ट रेट 72 बीट प्रति मिनट रिकॉर्ड की गई। डॉक्टरों ने शरीर में हल्के डिहाइड्रेशन की भी पुष्टि की है।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक भोजन न मिलने के कारण पहले शरीर की चर्बी कम हुई, उसके बाद मांसपेशियां प्रभावित होने लगीं और अब स्थिति तीसरे चरण में पहुंच रही है, जहां शरीर के आंतरिक अंगों पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। चिकित्सा टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।
इस बीच, सोनम वांगचुक ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, "मैं किसी भी हालत में 20 जुलाई तक जीवित रहूंगा, ताकि आप सभी के साथ संसद तक मार्च कर सकूं। अगर 20 जुलाई को हमारा मार्च सफल नहीं हुआ, तो मैं भूत बनकर वापस आऊंगा।"
बताया जा रहा है कि जंतर-मंतर पर यह आंदोलन कथित परीक्षा पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों के विरोध में जारी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और उनका आरोप है कि परीक्षा में हुई अनियमितताओं से लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



