नो-एंट्री में पकड़ा गया ट्रक थाने पहुंचते ही ‘आउट ऑफ कंट्रोल’, पिलर चकनाचूर, कार्रवाई से नाराज था ड्राइवर तो ठोंक दिया
गुना (आरएनआई) शहर में गुरुवार सुबह एक ट्रैफिक नियम तोडऩे वाले ट्रक को पकडक़र यातायात थाने लाया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद जो हुआ, उसने पूरे थाने में हलचल मचा दी। सीमेंट से भरा विशालकाय ट्रक जैसे ही थाने के मुख्य गेट पर पहुंचा, वह मोड़ लेने की कोशिश में अटक गया। थाने के तंग मोड़ और ट्रक की लंबाई का मेल पहले ही गड़बड़ था, ऊपर से ड्राइवर की ‘गाड़ी मोडऩे वाली कला’ ने इस वाकये को और मजेदार बना दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक को थाने में ले जाते वक्त ऐसा लग रहा था जैसे हाथी को कमरे की खिडक़ी से अंदर घुसाने की कोशिश की जा रही हो। मोड़ तंग था और ट्रक बड़ा—नतीजा, उसका इंजन के बाद का ट्राले का हिस्सा सीधे मुख्य गेट के सीमेंट पिलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लोहे का गेट भी घायल हो गया।
अब मजेदार बात यह है कि सूत्रों का दावा है ड्राइवर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई से पहले ही बुरी तरह चिढ़ा हुआ था। थाने लाए जाने पर उसकी झल्लाहट और बढ़ गई। बस, फिर क्या था ट्रक मोड़ते समय उसका गुस्सा शायद एक्सीलरेटर पर चढ़ गया और ट्रक ने पिलर को ऐसा धक्का दिया कि वह सीधे जमीन से ‘रिटायर’ हो गया। पुलिसकर्मी घटना होते ही चौकन्ने हो गए और ट्रक को किसी तरह रिवर्स कर बाहर निकाला। किसी को चोट नहीं आई, लेकिन थाने का गेट अब मरम्मत की गुहार लगा रहा है। इस घटना की चर्चा पूरे दिन शहर में चलती रही—लोग मजाक में कह रहे थे कि नो-एंट्री का गुस्सा ट्रक ने एंट्री गेट पर उतार दिया। वहीं ट्रैफिक पुलिस भी अब सोच में पड़ गई है कि अगली बार ऐसे लंबू ट्रकों को थाने में घुसाने से पहले शायद ‘एंट्री टेस्ट’ ले लेना चाहिए।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



