नेहरू गांधी पर टिप्पणी करने वाले नरेंद्र मोदी पर प्रकरण दर्ज करो - कांग्रेस

संवैधानिक पदों पर बैठे तमाशा देख रहे लोगों...इतिहास माफ नहीं करेगा, राहुल गांधी ने संसद में देश के लुटेरों की पोल खोली 

Monday, March 27, 2023 - 16:06
Updated: 4 years ago
0

गुना। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म किए जाने के विरोध में केंद्र की भाजपा सरकार लगातार कांग्रेस के निशाने पर है। देशव्यापी आंदोलन और प्रदर्शन के तहत सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने अपना विरोध जारी रखते हुए गुना में रैली निकालकर देश के राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा है। कांग्रेस ने चिंता जताई है कि देश में लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। इसके बावजूद संवैधानिक पद पर बैठे लोग तमाशा देख रहे हैं।
कांग्रेस की रैली लक्ष्मीगंज स्थित शास्त्री पार्क से शुरु हुई, जिसमे जिला कांग्रेस की अगुवाई में कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेसजन रैली के जरिए नारेबाजी करते हुए हनुमान चौराहे पर पहुंचे यहां केंद्र सरकार की नीतियों और संविधान विरोधी गतिविधियों के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला जलाया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई को लोकतंत्र विरोधी कदम बताया और कहा है कि मोदी सरकार में बोलने, विरोध करने की आजादी को पूरी तरह दबाया जा रहा है। सरकार की जनविरोधी नीतियों और अडाणी के साथ प्रधानमंत्री मोदी के रिश्तों को उजागर करने की सजा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दी गई है। कांग्रेस द्वारा दिए गए ज्ञापन में राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल करने की मांग करते हुए कांग्रेस ने राष्ट्रपति के सामने देश की वर्तमान परिस्थितियों का भी जिक्र किया है। बताया गया है कि भाजपा के राज में देश की जनता का पैसा लेकर विदेश भागने वालों के खिलाफ राहुल गांधी ने आवाज उठाई थी। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी के खिलाफ षड्यंत्र रचा है। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश के हालातों का जिक्र भी ज्ञापन में किया है, जिसमें 17 हजार बेरोजगारों द्वारा आत्महत्या करने, भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, महंगाई, वैमनस्यता की बातें उजागर की गई हैं। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से सवाल किया है कि अगर मानहानि के मुकद्दमे में राहुल गांधी दोषी हैं तो जब प्रधानमंत्री मोदी देश को आजादी दिलाने वाले गांधी परिवार और मनमोहन सिंह के बारे मेंअनर्गल बात करते हैं, तब मानहानि क्यों नहीं होती। कांग्रेस के मुताबिक यह भाजपा का दोहरा चरित्र है, और लोकतंत्र व संविधान की धज्जियां उड़ाने का एक उदाहरण मात्र है। शहर के शास्त्री पार्क से कांग्रेसजन नारेबाजी करते हुए मुख्य बाजार से निकले। प्रत्येक चौराहे पर खड़े होकर राहुल गांधी के साथ हो रहे पक्षपात उजागर करते हुए सम्बोधन दिए गए। हनुमान चौराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया गया। इसके बाद एसडीएम कार्यालय पहुंचे जहां एसडीएम वीरेंद्र सिंह बघेल को ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़, शहर अध्यक्ष हरिशंकर विजयवर्गीय, विश्वनाथ तिवारी , केएल अग्रवाल, सुमेर सिंह गढ़ा, प्रतिभा रघुवंशी, मानसिंह परसोदा,  के पी बागड़ी, सीमा यादव,  रजनीश शर्मा, गोपाल शर्मा, दीपेश पाटनी ,मुरारी धाकड़, हेमराज सिसोदिया सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User