नीति आयोग के सूचकांकों में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी विभाग समन्वय से करें कार्य : कलेक्टर
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में गुरुवार को नीति आयोग के विभिन्न कंपोनेंट एवं प्रमुख प्रदर्शन सूचकांकों (इंडिकेटर्स) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन, शिक्षा, वित्तीय समावेशन सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक इंडिकेटर पर लक्ष्य आधारित कार्य करते हुए पिछले प्रदर्शन की तुलना में स्पष्ट प्रगति सुनिश्चित करें तथा प्रस्तुत किए जाने वाले प्रेजेंटेशन में उपलब्धियों और सुधार को तथ्यात्मक रूप से शामिल करें।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा, एसएएम बच्चों की संख्या शून्य करने पर जोर
बैठक की शुरुआत स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा से हुई। इस दौरान गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों की संख्या शून्य करने के लक्ष्य पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विभागीय प्रस्तुतिकरण में यह भी दर्शाया जाए कि पिछली समीक्षा की तुलना में वर्तमान में कितनी प्रगति हुई है। बैठक में अनमोल पोर्टल की जानकारी भी दी गई, जिसमें गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, संभावित प्रसव, हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज रहती हैं।
मृदा स्वास्थ्य कार्ड की प्रक्रिया एवं कृषि योजनाओं की समीक्षा
कृषि एवं जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड (Soil Health Card) तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। बताया गया कि खेत के पांच अलग-अलग स्थानों से लगभग 15 सेंटीमीटर गहराई तक मिट्टी के नमूने लेकर वैज्ञानिक विधि से उन्हें तैयार किया जाता है तथा अंत में लगभग 500 ग्राम नमूना परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाता है।
जिले के पांचों विकासखंडों में मृदा परीक्षण प्रयोगशालाएं संचालित हैं,जहां जांच की सुविधा उपलब्ध है। परीक्षण के माध्यम से नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटेशियम सहित 17 अन्य पोषक तत्वों की जानकारी किसानों को उपलब्ध कराई जाती है, जिससे मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार उपयुक्त फसल चयन एवं उर्वरक प्रबंधन में सहायता मिलती है। बैठक में प्रमाणित गुणवत्ता वाले बीजों के वितरण तथा पशुओं के टीकाकरण की भी समीक्षा की गई।
शिक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं पर भी हुई चर्चा
बैठक में शिक्षा विभाग, आधारभूत अधोसंरचना तथा वित्तीय समावेशन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों को ड्रग फ्री बनाने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए।
नशा मुक्ति अभियान को सभी विभाग मिलकर दें गति
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि "नशे से दूरी" अभियान को सभी विभागों के समन्वय से जनआंदोलन के रूप में संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशे की लत से मुक्त करने के लिए प्रभावी प्रयास करना है।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



