दिल्ली में स्कूलों और एक्सिस बैंक को बम की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बम की धमकियों से हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह कई स्कूलों और कनॉट प्लेस स्थित एक्सिस बैंक को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस को धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिली। इसके बाद दक्षिण दिल्ली स्थित सरदार पटेल विद्यालय, मीरा मॉडल स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर कुछ स्कूलों को खाली करा लिया गया और छात्रों व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
दिल्ली पुलिस की टीमें और बम निरोधक दस्ता स्कूल परिसरों और आसपास के इलाकों की सघन जांच कर रहे हैं। वहीं, कनॉट प्लेस स्थित बैंक शाखा की भी बारीकी से तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर सभी जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। ई-मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह किसी संगठित गिरोह की साजिश है या किसी शरारती तत्व की हरकत। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)