जंतर-मंतर से केजरीवाल का भाजपा पर हमला, बोले— देश में बदलाव की उल्टी गिनती शुरू
नई दिल्ली (आरएनआई)। आम आदमी पार्टी ने रविवार को जंतर-मंतर पर आयोजित रैली में केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि देश में राजनीतिक बदलाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और अब भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का अभियान तेज होगा।
केजरीवाल ने कहा कि 4 अप्रैल 2011 को इसी जंतर-मंतर से भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत हुई थी, जिसके बाद कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई। उन्होंने कहा कि अब उसी स्थान से भाजपा के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत हो रही है। उनके निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की नीतियां रहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में जनता ने बड़ी उम्मीदों के साथ पूर्ण बहुमत दिया था, लेकिन 12 साल बाद भी आम आदमी की जिंदगी में बुनियादी सुधार नहीं दिख रहा। केजरीवाल ने कहा कि देश में न अच्छी सड़कें हैं, न पीने के पानी की व्यवस्था, न सीवर और न ही चौबीस घंटे बिजली। प्रदूषण की समस्या बढ़ती जा रही है और एयरलाइन, रेलवे, बैंक, स्कूल तथा अस्पतालों की स्थिति भी चिंताजनक है।
अंतरराष्ट्रीय उदाहरण देते हुए उन्होंने दुबई, अमेरिका, टोक्यो, जर्मनी और फ्रांस की सड़कों का जिक्र किया और कहा कि वहां आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित है, जबकि देश के कई हिस्सों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। प्रदूषण के मुद्दे पर उन्होंने बीजिंग का हवाला देते हुए कहा कि वहां हालात सुधरे हैं, लेकिन उत्तर भारत में स्थिति गंभीर बनी हुई है।
अपने खिलाफ चले कथित शराब घोटाले के मामले का उल्लेख करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार वर्षों से उन्हें और दिल्ली के लोगों को बदनाम करने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि अदालत ने स्पष्ट किया है कि मामले में कोई ठोस सबूत नहीं मिला। उनका कहना था कि दस वर्षों के कार्यकाल में उनके खिलाफ एक रुपये का भी भ्रष्टाचार साबित नहीं हुआ।
दिल्ली की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि एक साल में राजधानी के हालात बिगड़ गए हैं। उन्होंने दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता द्वारा बस मार्शलों को नियमित करने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि यह वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों बस मार्शल, डीटीसी चालक-कंडक्टर, मोहल्ला क्लीनिक और अस्पतालों के कर्मचारी हटाए गए, जबकि महिलाओं को 2500 रुपये देने का वादा भी अधूरा है।
केजरीवाल ने दावा किया कि आप सरकार के दौरान दिल्ली में 24 घंटे बिजली, बेहतर स्कूल और अस्पताल उपलब्ध थे, लेकिन अब सड़कों पर गड्ढे, गंदगी और पानी की समस्या बढ़ गई है। उन्होंने चुनौती दी कि यदि अभी चुनाव कराए जाएं तो भाजपा दस सीटें भी नहीं जीत पाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



