जेएनयू छात्रसंघ चुनाव: मतगणना जारी, ABVP ने दिखाई जबरदस्त बढ़त — विज्ञान संकाय की 8 सीटों पर जीत
नई दिल्ली (आरएनआई)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ चुनावों की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शानदार प्रदर्शन किया है। विज्ञान संकाय की 15 में से 8 काउंसलर सीटों पर जीत दर्ज करते हुए ABVP ने बढ़त बना ली है, जबकि बाकी सीटों पर भी वह आगे चल रही है।
इस बार जेएनयू में 47 सीटों पर विभिन्न संकायों से काउंसलर पद के लिए मतदान हुआ। सोमवार शाम पांच बजे मतदान संपन्न हुआ और देर रात 12 बजे से मतगणना शुरू की गई। कुल 67 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले वर्षों की तुलना में कुछ कम रहा।
अब तक स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, स्कूल ऑफ बायोटेक और स्कूल ऑफ कंप्यूटर एंड सिस्टम साइंसेज की मतगणना पूरी हो चुकी है। इनमें स्कूल ऑफ कंप्यूटर एंड सिस्टम साइंसेज में 3 में से 2, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग की 4 में से 2 और स्कूल ऑफ बायोटेक की 2 में से सभी सीटों पर ABVP ने जीत हासिल की है।
स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज और स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज समेत अन्य संकायों की मतगणना अभी बाकी है। शुरुआती रुझान संकेत दे रहे हैं कि ABVP चारों केंद्रीय पदों — अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव — पर भी मजबूती से आगे बढ़ रही है।
ABVP के केंद्रीय चुनाव संयोजक अरुण श्रीवास्तव ने कहा, “अब तक के रुझान स्पष्ट कर रहे हैं कि छात्र समुदाय ने ABVP की नीतियों, कार्यों और छात्रहित की राजनीति में विश्वास जताया है। चारों पदों पर संगठन निर्णायक बढ़त बनाए हुए है।”
इस वर्ष सेंट्रल पैनल के चार पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए सात, महासचिव और संयुक्त सचिव के लिए पाँच-पाँच, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हो रहा है। वहीं काउंसलर पदों के लिए कुल 111 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
उल्लेखनीय है कि इस बार सेंट्रल पैनल में लगभग 30 प्रतिशत और काउंसलर पदों पर करीब 25 प्रतिशत महिला उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे छात्र राजनीति में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का संकेत मिलता है।
अभी अंतिम परिणाम आना बाकी है, लेकिन शुरुआती रुझानों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जेएनयू के छात्र राजनीति के इस चुनाव में ABVP ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



