योगी बोले – अब माफियाओं की जमीन पर बन रहे गरीबों के आशियाने, प्रदेश माफियामुक्त बना
लखनऊ (आरएनआई)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफिया बेलगाम थे। वे गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर लेते थे और शासन-प्रशासन असहाय बना रहता था। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अब उन्हीं माफियाओं की जमीन पर गरीबों के लिए घर बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री बुधवार को राजधानी लखनऊ के डालीबाग स्थित जियामऊ के एकता वन में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा निर्मित सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने आवंटियों को एलडीए के बनाए फ्लैटों की चाबियां सौंपीं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले माफिया डीजीपी आवास के सामने तक अपनी कोठियां बनवा लेते थे और कोई कुछ नहीं कह पाता था। लेकिन आज उत्तर प्रदेश में ऐसा माहौल है, जहां माफिया का आतंक समाप्त हो चुका है। उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त कर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “अब प्रदेश माफियामुक्त है, और इसी कारण राज्य तेज़ी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। माफिया समाज के विकास में सबसे बड़ा अवरोध थे, जिनसे मुक्ति मिलना युवाओं की असीम संभावनाओं को विस्तार दे रहा है।”
कार्यक्रम में अपने घर की चाबी पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। प्रयागराज की रहने वाली शिखा अग्रवाल ने कहा कि वह 12 साल से लखनऊ में रह रही हैं, लेकिन छोटी नौकरी होने के कारण घर खरीदने का सपना पूरा नहीं कर सकीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजना से अब यह सपना साकार हो गया है। वहीं तारा देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री की कृपा से अब उनके सिर पर पक्की छत है, जिसके लिए वे हृदय से आभारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के अंत में कहा कि सरकार आगे भी माफियाओं की अवैध संपत्तियों पर गरीबों के लिए आवास बनवाने का कार्य जारी रखेगी, ताकि “हर गरीब को सम्मानजनक जीवन और पक्की छत” मिल सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



