चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, फलता में वोटों की गिनती शुरू: पहले दौर में भाजपा को बढ़त
फलता विधानसभा क्षेत्र में हुए हाई-प्रोफाइल पुनर्मतदान के बाद आज रविवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई। भारी सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन आयोग की कड़ी निगरानी के बीच वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरों में बांटा गया है और केंद्रीय बलों के जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। दक्षिण 24 परगना जिले की इस सीट पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।
दरअसल, 29 अप्रैल को हुए दूसरे चरण के मतदान के दौरान ईवीएम में कथित हेरफेर और गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे थे। भारी विवाद और राजनीतिक हंगामे के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 बूथों पर मतदान रद्द कर दिया था।
इसके बाद आयोग ने 21 मई को पूरे विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया। पुनर्मतदान के दौरान मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और करीब 87 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। क्षेत्र के लगभग 2.36 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की लगभग 35 कंपनियां तैनात की गई थीं। चुनाव आयोग ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पहले से कहीं अधिक मजबूत किया था, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका न रहे।
फलता सीट पर टीएमसी उम्मीदवार के पीछे हटने और ईवीएम विवाद के कारण यह चुनाव पूरे पश्चिम बंगाल की राजनीति के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। अब सभी की नजर अंतिम नतीजों पर टिकी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)