कड़ी मेहनत और युवा जोश के साथ लोकसभा जीतेंगे - लाखन सिंह

Thursday, January 18, 2024 - 18:53
Updated: 3 years ago
0
कड़ी मेहनत और युवा जोश के साथ लोकसभा जीतेंगे - लाखन सिंह

गुना (आरएनआई) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गुना लोकसभा के प्रभारी लाखन सिंह यादव ने गुरुवार को राजीव गांधी कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। यादव ने लोकसभा चुनाव के लिए गुना सीट पर प्रत्याशी चयन को लेकर कार्यकर्ताओं की राय जानी। बैठक में मौजूद कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने एकराय होकर गुना लोकसभा सीट पर प्रत्याशी चयन के लिए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को अधिकृत करने पर अपनी सहमति जताई है।

 कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं की बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ की अध्यक्षता लाखन सिंह यादव ने विधानसभा चुनाव के नतीजों पर भी चर्चा की। इसके अलावा कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं से कड़ी मेहनत करने का आव्हान किया। यादव ने कहाकि कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़ेंगे तो परिणाम निश्चित ही अच्छे आएंगे। उन्होंने नवनियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और उनकी युवा टीम की प्रशंसा करते हुए बुजुर्ग नेताओं के सामंजस्य से लोकसभा चुनाव में अच्छे परिणाम आने की उम्मीद जताई है। यादव ने कहाकि कार्यकर्ता अगर जीतू पटवारी के विजन और परियोजना पर काम करें तो मध्यप्रदेश में कांग्रेस काफी लोकसभा सीटें जीत सकती है। इसके लिए जनता के बीच जाना होगा। यादव ने पूर्व सीएम कमलनाथ मंडल-सेक्टर मजबूती अभियान को बढ़ावा देने की बात कही। लोकसभा चुनाव प्रभारी ने आव्हान किया कि कार्यकर्ता मुस्तैदी से काम करने को दिमाग में बसा लें। धरातल पर काम करें।

मोदी के प्राण ईवीएम में - राधाकृष्ण धाकड़
कांग्रेस की बैठक में आए मोहना नगरपालिका के अध्यक्ष राधाकृष्ण धाकड़ ने दावा किया कि विधानसभा के नतीजे संदेहास्पद हैं। उन्होंने जनता की मनोदशा और कांग्रेस के पक्ष में बने माहौल का जिक्र करते हुए कहाकि सबकुछ कांग्रेस के पक्ष में था, जैसे ही नतीजे आए सब बदल गया। धाकड़ ने चुनाव नतीजों में धांधली की आशंका जाहिर करते हुए ईवीएम की बजाए चुनावों को मत पत्रों से कराने की आवश्यकता जताई। धाकड़ के मुताबिक जिन देशों ने ईवीएम बनाई है, उन्होंने भी इसे हटा दिया है। नगरपालिका  उन्होंने कहाकि देश से ईवीएम हटेगी तभी निष्पक्ष चुनाव होंगे। उन्होंने कहाकि जिस तरह रावण के प्राण उसकी नाभि में थे, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्राण ईवीएम में हैं। राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए धाकड़ ने कहाकि मोदीजी विकास के मुद्दों को धर्म की आड़ में छुपा देते हैं। राम मंदिर का पूर्ण निर्माण होने से पहले ही प्राण-प्रतिष्ठा विरोध तमाम शंकराचार्य कर रहे हैं। लेकिन देश में दो लोगों की तानाशाही चल रही है, जिसे कांग्रेस हटाकर रहेगी। बमौरी विधायक ऋषि अग्रवाल ने मेहनत और लगन के साथ चुनावी रणभूमि में कांग्रेस के सिपाहियों को जुट जाने का आव्हान किया।

बैठक की शुरुआत कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने स्वागत उद्बोधन के साथ की। संचालन सत्येंद्र जैन ने किया। लोकसभा प्रभारी लाखन सिंह यादव और मोहना के नगरपालिका अध्यक्ष राधाकृष्ण धाकड़ का स्वागत किया और कार्यकर्ताओं को बैठक के उद्देश्य से परिचित कराया। इस अवसर पर नुरूलहसन नूर, हरिशंकर विजयवर्गीय, विश्वनाथ तिवारी, मानसिंह परसौदा, रजनीश शर्मा, राजेन्द्र तिवारी गोपाल शर्मा, रणबीर कुशवाह, सीमा यादव, मनीष रघुवंशी, शेखर वशिष्ठ,वीरेंद्र सिंह सिसोदिया, हर्ष मेर, जिनेन्द्र जैन सहित अनेक लोग मौजूद थी।

Follow the RNI News channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2Xp81Z

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User