केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना को दी ₹67 करोड़ की सौगात—अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना, एसडीएम–तहसील भवन और स्कूल भवन का लोकार्पण

Nov 29, 2025 - 19:19
Nov 29, 2025 - 19:19
 0  135
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना को दी ₹67 करोड़ की सौगात—अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना, एसडीएम–तहसील भवन और स्कूल भवन का लोकार्पण

गुना (आरएनआई) केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज गुना में बहुप्रतीक्षित सिंध नदी जल प्रदाय योजना के अंतर्गत महत्त्वपूर्ण अमृत2.0 योजना का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही एसडीएम भवन एवं तहसील भवन कार्यालय का लोकार्पण किया। क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए उन्होंने पाटई हाईस्कूल के नव निर्मित भवन का भी लोकार्पण किया। इस प्रकार उन्होंने इस कार्यक्रम के माध्यम से गुना क्षेत्र को कुल 67 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी। उल्लेखनीय है कि सिंधिया इस दौरे पर लगभग 200 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने जा रहे हैं और उक्त योजनाएं उसी शृंखला का हिस्सा है।

2050 तक शहर की पेयजल आपूर्ति को पूरा करेगी सिंध नदी जल प्रदाय योजना
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने सर्वप्रथम सिंध नदी जल प्रदाय योजना के अंतर्गत आने वाले ₹48.75 करोड़ की अमृत2.0 परियोजना का शिलान्यास किया। यह परियोजना वर्ष 2050 तक गुना शहर को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो बढ़ती आबादी और शहरी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक समाधान प्रदान करेगी। सिंधिया ने कहा कि यह योजना न केवल शहर की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान देगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी सुरक्षित जल की गारंटी प्रदान करेगी। इस दौरान नपा अध्यक्ष श्रीमति सविता  गुप्ता ने श्री सिंधिया को राधा कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर योजना के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया 

एक ही छत के नीचे होंगे त्वरित सेवा के केन्द्र
इसी अवसर पर सिंधिया ने प्रशासनिक संरचनाओं को मजबूत बनाने वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं एस.डी.एम. कार्यालय भवन (₹8.35 करोड़) और तहसील कार्यालय भवन (₹7.96 करोड़) का लोकार्पण भी किया। इन भवनों के शुभारंभ से आमजन को राजस्व एवं प्रशासनिक सेवाएँ अधिक सुगमता, तेजी और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध होंगी। मंत्री सिंधिया ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त ये कार्यालय नागरिकों के लिए “एक ही छत के नीचे” त्वरित सेवाओं का केंद्र बनेंगे, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।

शिक्षा के क्षेत्र में दी एक और महत्वपूर्ण सौगात
शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में, सिंधिया ने पाटई हाई स्कूल (₹1.47 करोड़) के नव-निर्मित भवन का लोकार्पण किया। यह विद्यालय आधुनिक शैक्षिक संसाधनों और सुरक्षित अधोसंरचना के साथ ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि शिक्षा, पेयजल, प्रशासनिक संरचना और सार्वजनिक सुविधाएँ किसी भी जिले के विकास की मूल आधारशिलाएँ हैं, और गुना इन चारों आयामों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

सिंधिया ने इस अवसर पर क्षेत्र के प्रति अपने व्यक्तिगत जुड़ाव को दोहराते हुए कहा कि गुना केवल उनका संसदीय क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि गुना के हर घर की सुविधा, हर परिवार की समृद्धि, और हर युवा के उज्जवल भविष्य के लिए मैं प्रतिबद्ध हूँ। जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी शक्ति है, और यह शक्ति मुझे गुना के निरंतर विकास के लिए दिन-रात कार्य करने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों ने भाग लिया और शहर की दशकों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में उठाए गए इस निर्णायक कदम के लिए केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, गुना विधायक पन्नालाल शाक्य,जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़,पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया,हीरेंद्र सिंह चौहान,पूर्व विधायक गोपीलाल जाटव ,उपाध्यक्ष धरम सोनी सहित प्रदेश कार्यकारिणी,जिला कार्यकारिणी सदस्य,मंडल अध्यक्ष,समस्त पार्षदगण,वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ता आदि उपस्थित रहे।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0