उत्तर भारत में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, पहाड़ों में बर्फबारी तेज; पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में शीतलहर का प्रकोप
नई दिल्ली (आरएनआई) उत्तर भारत में शीतलहर का प्रभाव तेजी से गहरा रहा है। हवा की दिशा में बदलाव, नमी की बढ़त और तापमान में लगातार गिरावट के चलते रात और सुबह के समय ठिठुरन बेहद बढ़ गई है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों तक यही मौसम पैटर्न जारी रहेगा।
दिसंबर का दूसरा सप्ताह उत्तर भारत के लिए कड़ाके की ठंड लेकर आया है। जम्मू–कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और लगभग 120 नॉट्स की रफ्तार से बह रही उपोष्णकटिबंधीय जेट स्ट्रीम ने ठंड को और तेज कर दिया है।
पूर्वी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में दस से तेरह दिसंबर तक घने कोहरे की संभावना जताई गई है। गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर समेत कई मैदानी क्षेत्रों में सुबह के वक्त दृश्यता बेहद कम रहने का अनुमान है। तापमान में और गिरावट तथा नमी बढ़ने से कोहरा देर तक छाया रह सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने सुबह के समय यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
कश्मीर घाटी में पारा शून्य से नीचे
कश्मीर में ठंड चरम पर है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 3.7 डिग्री, काजीगुंड और कुपवाड़ा में माइनस 3.6 डिग्री, पहलगाम में माइनस 4.8 डिग्री और पुलवामा में माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई स्थानों पर तालाब जमने लगे हैं। अगले कुछ दिनों तक जम्मू–कश्मीर, लद्दाख और गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में बारिश और हिमपात जारी रहने की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा में लगातार गिर रहा पारा
उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में गिरावट लगातार जारी है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए दस से बारह दिसंबर तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा। सुबह घने कोहरे और दिन भर चल रही सर्द हवाओं ने जनजीवन पर असर दिखाना शुरू कर दिया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



