अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी बस; सात की मौत, 12 घायल
अल्मोड़ा (आरएनआई)। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब भिकियासैंण क्षेत्र के शिलापनी के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। खाई में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार बस में कुल 19 यात्री सवार थे।
प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो जाने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।
मृतकों में गोविंद बल्लभ (80) और उनकी पत्नी पार्वती देवी (75) निवासी जमोली, सूबेदार नंदन सिंह अधिकारी (65) निवासी जमोली, तारा देवी (50) निवासी बाली, गणेश (25), उमेश (25) और एक अज्ञात युवक शामिल हैं, जिसकी पहचान की जा रही है।
घायलों में नंदा बल्लभ (50) और राकेश कुमार (40) निवासी नौबाड़ा, नंदी देवी (40) व हंसी सती (36) निवासी सिंगोली, मोहित सती (16) निवासी नौघर, बुद्धि बल्लभ (58) निवासी अमोली, हरीचंद्र (62) निवासी पाली, भूपेंद्र सिंह (64) निवासी जमोली, जितेंद्र रेखाड़ी (37) निवासी विनायक, बस चालक नवीन चंद्र (55), हिमांशु पालीवाल (17) और प्रकाश चंद (43) निवासी चचरौटी शामिल हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों को संबल देने की कामना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



