‘सीमा-स्वीटी बनकर ब्राजीली मॉडल ने डाले वोट’ – राहुल गांधी का बड़ा आरोप, बोले हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी हुए

Nov 5, 2025 - 15:24
 0  135
‘सीमा-स्वीटी बनकर ब्राजीली मॉडल ने डाले वोट’ – राहुल गांधी का बड़ा आरोप, बोले हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी हुए

नई दिल्ली (आरएनआई)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर चौंकाने वाला दावा किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी हुए और एक ब्राजीली मॉडल की तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी मतदाता बनाए गए, जिन्होंने “सीमा”, “स्वीटी”, “सरस्वती” जैसे नामों से कई जगह वोट डाले।

राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ स्थानीय स्तर की गड़बड़ी नहीं, बल्कि ‘ऑपरेशन सरकार चोरी’ के तहत राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर संगठित रूप से किया गया चुनावी घोटाला है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से हरियाणा का जनादेश कांग्रेस से छीन लिया गया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने एक महिला की तस्वीर दिखाते हुए कहा, “यह महिला ब्राजील की मॉडल है। हरियाणा की वोटर लिस्ट में इसी तस्वीर को 10 अलग-अलग नामों और 22 बार वोट डालने के लिए इस्तेमाल किया गया। यह कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि संगठित चुनावी अपराध है।”

उन्होंने आगे कहा कि हर आठ में से एक मतदाता नकली है, और सिर्फ हरियाणा में ही 1.24 लाख फर्जी फोटो वाले मतदाता पाए गए हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि कई जगहों पर 500 से ज्यादा मतदाताओं का एक ही पता दर्ज है, जबकि कुछ के “घर नंबर शून्य” लिखे गए हैं।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े हजारों लोगों के नाम उत्तर प्रदेश और हरियाणा दोनों की मतदाता सूची में हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “डालचंद नामक व्यक्ति और उसका बेटा दोनों यूपी और हरियाणा में वोट डालते हैं। इसी तरह मथुरा के सरपंच प्रह्लाद का नाम हरियाणा की कई वोटर लिस्टों में पाया गया।”

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि हरियाणा के मुख्य चुनाव आयुक्त और दो अन्य आयुक्तों ने भाजपा के साथ मिलकर चुनाव परिणामों को प्रभावित किया। राहुल गांधी ने कहा, “इनकी साझेदारी सीधे प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। कांग्रेस को भारी बहुमत मिलने वाला था, लेकिन यह ऑपरेशन कांग्रेस की जीत को हार में बदलने के लिए चलाया गया।”

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के पास ‘H फाइल्स’ हैं, जिनमें इस पूरे ऑपरेशन के सबूत हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल हरियाणा तक सीमित नहीं है, बल्कि “वोट चोरी” का यह नेटवर्क पूरे देश में सक्रिय है।

राहुल गांधी के इन आरोपों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में वह “H फाइल्स” को सार्वजनिक कर सकती है, ताकि इस कथित “वोट चोरी” का पूरा सच देश के सामने आ सके। 

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.