हैदराबाद मेट्रो फेज-2 के लिए फंड जारी करे केंद्र, सीएम रेवंत रेड्डी ने उठाई मांग
हैदराबाद (आरएनआई) तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार से हैदराबाद मेट्रो रेल फेज-2 परियोजना के लिए मंजूर फंड जल्द जारी करने और आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी को पत्र लिखकर भारतीय रेलवे वित्त निगम (IRFC) द्वारा स्वीकृत वित्तीय सहायता को बिना देरी जारी करने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि हैदराबाद मेट्रो फेज-2 राज्य की महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल है और इसके क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ बैठक तय कराने का अनुरोध भी किया, ताकि परियोजना से जुड़े सभी लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जा सके।
रेवंत रेड्डी ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस बैठक में सभी आवश्यक दस्तावेजों और समझौतों के साथ उपस्थित होगी। उनका कहना है कि बातचीत के माध्यम से परियोजना से संबंधित सभी बाधाओं का समाधान निकाला जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि तेलंगाना सरकार किसी विशेष रियायत या अनुदान की मांग नहीं कर रही है, बल्कि उस ऋण राशि को जारी करने का आग्रह कर रही है जिसे भारत सरकार की एक एजेंसी द्वारा सभी औपचारिक प्रक्रियाओं और जांच के बाद स्वीकृत किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग समझौते के अनुसार स्वीकृत धनराशि की अपेक्षा कर रहे हैं।
हैदराबाद मेट्रो रेल फेज-2 परियोजना को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार और केंद्र की एनडीए सरकार के बीच मतभेद देखने को मिल रहे हैं। जहां राज्य सरकार परियोजना के लिए शीघ्र मंजूरी और वित्तीय सहायता की मांग कर रही है, वहीं केंद्र सरकार की ओर से परियोजना में देरी के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया गया है।
प्रस्तावित हैदराबाद मेट्रो फेज-2 परियोजना के तहत सात नए कॉरिडोर विकसित किए जाने हैं। इसकी कुल लंबाई लगभग 122.9 किलोमीटर होगी और इस पर करीब 38,595 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजना के पूरा होने से हैदराबाद और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बड़ा बल मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)