स्पेन का बड़ा फैसला: ईरान हमलों में शामिल अमेरिकी विमानों के लिए हवाई क्षेत्र बंद, ट्रंप को झटका
मैड्रिड (आरएनआई) पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच स्पेन ने एक अहम और सख्त फैसला लेते हुए ईरान पर हमलों में शामिल अमेरिकी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। इस कदम को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ा कूटनीतिक झटका माना जा रहा है।
स्पेन सरकार ने पहले ही संयुक्त रूप से संचालित अमेरिकी सैन्य अड्डों के इस्तेमाल की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। अब एयरस्पेस बंद करने का फैसला उसी नीति का विस्तार माना जा रहा है, जो साफ संकेत देता है कि स्पेन इस संघर्ष से खुद को दूर रखना चाहता है।
स्पेन की रक्षा मंत्री मार्गारीटा रोबल्स ने स्पष्ट कहा कि उनका देश ईरान से जुड़े किसी भी सैन्य अभियान में न तो अपने सैन्य अड्डों का उपयोग करने देगा और न ही अपने हवाई क्षेत्र का। उन्होंने दो टूक कहा कि स्पेन ऐसी किसी कार्रवाई का हिस्सा नहीं बनेगा, जो युद्ध को बढ़ावा दे।
इस फैसले का असर यह होगा कि पश्चिम एशिया की ओर जाने वाले अमेरिकी सैन्य विमानों को अब स्पेन के हवाई क्षेत्र के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ेगा। हालांकि, आपातकालीन परिस्थितियों में इस प्रतिबंध में छूट दी जा सकती है।
स्पेन के वित्त मंत्री कार्लोस कुएर्पो ने भी इस निर्णय को सरकार की व्यापक नीति से जोड़ते हुए कहा कि यह कदम उस रुख को दर्शाता है, जिसमें स्पेन किसी ऐसे युद्ध का समर्थन नहीं करता जो एकतरफा हो और अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ माना जाए।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज पहले से ही ईरान पर अमेरिकी और इस्राइली हमलों के मुखर आलोचक रहे हैं। उन्होंने इन हमलों को लापरवाह और अवैध बताया था। उनके इस रुख के चलते अमेरिका और स्पेन के संबंधों में तनाव भी देखने को मिला है।
दरअसल, वॉशिंगटन और मैड्रिड के बीच खटास तब और बढ़ गई थी, जब स्पेन ने दक्षिणी क्षेत्र में स्थित संयुक्त सैन्य अड्डों का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ अभियानों के लिए करने से मना कर दिया था। इस पर नाराजगी जताते हुए ट्रंप ने स्पेन को संभावित आर्थिक परिणाम भुगतने की चेतावनी तक दे डाली थी।
इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि स्पेन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वतंत्र रुख अपनाते हुए अमेरिका से अलग अपनी नीति को मजबूती से रखा है, जिससे वैश्विक राजनीति में नए समीकरण बनते नजर आ रहे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)