सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव हत्याकांड में बड़ा खुलासा, जांच के लिए उत्तर प्रदेश पहुंची विशेष टीम
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में जांच लगातार गहराती जा रही है। पुलिस को इस हत्याकांड में अंतरराज्यीय गिरोह के शामिल होने का संदेह है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल की टीम अब उत्तर प्रदेश पहुंच गई है। सीमा से जुड़े कई थानों को सतर्क कर दिया गया है और जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस पूरी साजिश में सात से आठ लोग शामिल थे। आरोपियों ने आपस में संपर्क बनाए रखने और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए एक वाट्सऐप समूह भी बनाया था। जांच एजेंसियों के अनुसार वारदात को अंजाम देने वालों में दो शार्प शूटर भी शामिल थे।
पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल की गई दूसरी मोटरसाइकिल को उत्तर 24 परगना जिले के बारासात इलाके से बरामद कर लिया है। वहीं सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान एक लाल रंग की कार भी संदिग्ध रूप में सामने आई है। माना जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी इसी कार के जरिए मौके से फरार हुए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि जिस कार से चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रोका गया था, उस पर लगी नंबर प्लेट सिलीगुड़ी निवासी जेम्स विलियम्स के नाम पर दर्ज है। बताया जा रहा है कि जेम्स विलियम्स ने अपनी निसान माइक्रा कार बेचने के लिए विज्ञापन दिया था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ लोगों ने उससे संपर्क किया था। अब उन्हीं लोगों से पूछताछ करने के लिए विशेष जांच दल उत्तर प्रदेश पहुंचा है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल मचा दी है। विपक्ष लगातार राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है, जबकि पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का पूरा खुलासा कर लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



