समृद्धि ग्राम पहल को लेकर कलेक्टर श्री कन्याल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

Jun 11, 2025 - 22:09
Jun 11, 2025 - 22:31
 0  108
समृद्धि ग्राम पहल को लेकर कलेक्टर श्री कन्याल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में भारत सरकार के संचार मंत्रालय की समृद्धि ग्राम पहल के क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे, संचार विभाग से निर्देशक अतीक अहमद एवं तरनजीत सिंह सहित समस्त टेलीकॉम सेवा प्रदाता, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में संचार विभाग से श्री अतीक अहमद द्वारा पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से समृद्धि ग्राम के अंतर्गत प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी दी गई। इनमें टेलीमेडिसिन बूथ, हेल्थ एटीएम एवं डायग्नोस्टिक टेस्ट सुविधा, स्मार्ट क्लासरूम, एआर/वीआर आधारित शिक्षण उपकरण, कृषि क्षेत्र हेतु आईओटी-सक्षम सॉयल सेंसर, स्मार्ट पंप, ड्रोन सेवाएं, ई-गवर्नेंस केंद्र, सीसीटीवी निगरानी, वाई-फाई जोन एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी सेवाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत जिले के ग्राम आरी को चयनित किया गया है। प्रत्येक समृद्धि केंद्र में स्थानीय प्रशिक्षित कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी तथा इन केंद्रों के कार्य-प्रदर्शन एवं नागरिकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच डिजिटल अंतर को कम करना है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं, मिट्टी परीक्षण, संचार नेटवर्क की उपलब्धता जैसे मुद्दों का समाधान संभव हो सके।

इसके अतिरिक्त, समृद्धि केंद्रों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, उत्पादकता में वृद्धि तथा डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा दिए जाने की बात कही गई।

बैठक के समापन पर कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीघ्रता से सर्वे कर कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इस महत्वपूर्ण परियोजना को टीम भावना से पूर्ण समर्पण के साथ क्रियान्वित करने का आग्रह किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0