सट्टा किंग आजाद खान की तलाश तेज, पुलिस ने घर और होटल पर मारा छापा — नोटिस चस्पा कर दो दिन में हाजिरी के आदेश

Nov 9, 2025 - 14:12
Nov 9, 2025 - 14:15
 0  459

अशोकनगर (आरएनआई) पुलिस ने शनिवार को सट्टा किंग आजाद खान को गिरफ्तार करने के लिए उसके घर और होटल पर दबिश दी। पुलिस ने आजाद मोहल्ला स्थित उसके आवास और होटल की तलाशी ली। आजाद के नहीं मिलने पर पुलिस ने उसके घर के बाहर दो अलग-अलग मामलों में उपस्थित होने का नोटिस चस्पा किया है।

कार्रवाई में एसडीओपी विवेक शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप चौहान और देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा सहित दो थानों की पुलिस टीम शामिल थी। महिला पुलिसकर्मी भी टीम के साथ मौजूद थीं। होटल में केवल स्टाफ मिला, जिससे पूछताछ की गई और कमरों की भी तलाशी ली गई।

अशोकनगर एसडीओपी विवेक शर्मा ने बताया कि आजाद खान को दो दिन के भीतर उपस्थित होने का समय दिया गया है। यदि वह इस अवधि में उपस्थित नहीं होता है, तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि बीते दिनों पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आजाद खान का नाम ऑनलाइन सट्टे में शामिल होने की बात कही थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0