शुजालपुर सिटी टीआई: प्रवीण पाठक लाइन अटैच, प्रेमकिशोर व्यास बने नए थाना प्रभारी

Sunday, July 19, 2026 - 21:51
Updated: 2 months ago
0

शाजापुर (आरएनआई) जिले की पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने रविवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए शुजालपुर सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार पाठक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह रक्षित केंद्र शाजापुर में पदस्थ निरीक्षक प्रेमकिशोर व्यास को शुजालपुर सिटी थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आदेश जारी कर दिए गए हैं।

निरीक्षक प्रवीण कुमार पाठक पिछले दो वर्ष से अधिक समय से शुजालपुर सिटी थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ थे। इस दौरान उनकी कार्यशैली को लेकर समय-समय पर कई सवाल खड़े हुए। शहर में कानून-व्यवस्था, नशे, जुए और सट्टे जैसे मामलों को लेकर कई बार मीडिया में समाचार प्रकाशित हुए, जिनमें पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाए गए। हाल ही में नशे के कथित कारोबार को लेकर विभिन्न मीडिया संस्थानों द्वारा किए गए खुलासों और स्टिंग ऑपरेशन के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया था।

जिले की नवागत पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने पदभार संभालने के बाद ही जुआ, सट्टा, नशे और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके बावजूद शुजालपुर सिटी क्षेत्र को लेकर लगातार शिकायतें और चर्चाएं सामने आती रहीं।

प्रवीण पाठक की कार्यशैली को लेकर राजनीतिक स्तर पर भी असंतोष देखने को मिला। शुजालपुर विधायक एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार ने भी उनकी कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई थी। वहीं शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने शुजालपुर में विरोध प्रदर्शन कर थाना प्रभारी को हटाने की मांग की। सत्तारूढ़ दल से जुड़े छात्र संगठन द्वारा अपनी ही सरकार के कार्यकाल में थाना प्रभारी के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा। इसे स्थानीय स्तर पर पुलिस व्यवस्था को लेकर बढ़ते असंतोष के रूप में भी देखा जा रहा है।

इसी बीच पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में निरीक्षक प्रवीण कुमार पाठक को शुजालपुर सिटी थाना प्रभारी पद से हटाकर रक्षित केंद्र शाजापुर भेज दिया गया है, जबकि निरीक्षक प्रेमकिशोर व्यास को शुजालपुर सिटी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लगातार विवादों, शिकायतों और विरोध प्रदर्शनों के बाद हुए इस बदलाव को शुजालपुर की पुलिस व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब शहरवासियों की नजर नए थाना प्रभारी प्रेमकिशोर व्यास पर रहेगी कि वे नशे, जुए, सट्टे और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किस प्रकार की कार्रवाई करते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User