शाहाबाद नगर पालिका में एंटी करप्शन का छापा, दो लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुए अधिशासी अधिकारी

Monday, June 15, 2026 - 18:38
Updated: 2 months ago
0
शाहाबाद नगर पालिका में एंटी करप्शन का छापा, दो लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुए अधिशासी अधिकारी

शाहाबाद (हरदोई)। (आरएनआई) नगर पालिका परिषद शाहाबाद में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन टीम ने अधिशासी अधिकारी के.के. सोनकर को कथित रूप से दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई उनके सरकारी आवास पर की गई। गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें अपने साथ लखनऊ लेकर रवाना हो गई।

जानकारी के अनुसार हरदोई के एक ठेकेदार ने अधिशासी अधिकारी पर कार्य संबंधी प्रकरण में दो लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की।

सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे शिकायतकर्ता ठेकेदार अधिशासी अधिकारी के सरकारी आवास पर पहुंचा और तय योजना के अनुसार दो लाख रुपये की रकम उन्हें सौंपी। जैसे ही अधिशासी अधिकारी ने रकम प्राप्त की, पहले से निगरानी कर रही एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान अधिशासी अधिकारी ने स्वयं को अस्वस्थ बताते हुए गिरफ्तारी से बचने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद पूछताछ और आगे की विधिक कार्रवाई के लिए उन्हें लखनऊ ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बाद में स्पष्ट हुआ कि एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोरी की शिकायत पर यह कार्रवाई की है।

नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने भी अधिशासी अधिकारी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। फिलहाल एंटी करप्शन विभाग मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रहा है। इस घटना ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

नगर पालिका के एक जिम्मेदार अधिकारी की गिरफ्तारी से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोगों की निगाहें अब एंटी करप्शन विभाग की आगे की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User