शाजापुर बस हादसे में गुना के 9 यात्री घायल, ड्राइवर सहित तीन की मौत, शाजापुर में डंपर से टकराकर खाई में गिरी बस

Saturday, May 10, 2025 - 12:17
Updated: 1 year ago
0
शाजापुर बस हादसे में गुना के 9 यात्री घायल, ड्राइवर सहित तीन की मौत, शाजापुर में डंपर से टकराकर खाई में गिरी बस

गुना (आरएनआई) इंदौर से गुना लौट रही एक निजी यात्री बस शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात शाजापुर जिले में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। रात लगभग 2:30 बजे मक्सी बायपास के सिरोलिया क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार डंपर से टकराने के बाद बस 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और बस पूरी तरह पलट गई। हादसे में गुना निवासी बस ड्राइवर गुलाब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुना जिले के ही 9 यात्री घायल हो गए हैं। इनमें से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है।

बस कमला ट्रेवल्स की बताई जा रही है, जो इंदौर से गुना की ओर जा रही थी। हादसे का स्थान मक्सी बायपास पर एक घातक मोड़ है, जहां पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर और बस दोनों की रफ्तार बहुत तेज थी। ब्रिज के टर्निंग पॉइंट पर बस को डंपर ने सीधी टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर नीचे खाई में गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल शाजापुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में जान गंवाने वालों में गुना निवासी बस ड्राइवर गुलाब सिंह के अलावा महू निवासी 24 वर्षीय अमन चौरसिया और डंपर चालक शामिल हैं। डंपर चालक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

घटना में घायल हुए गुना जिले के यात्रियों में दीपक सेन, संजय धाकड़, नितिन ओझा, अरविंद मीणा, शहीद खान, राजकुमार चौरसिया, माया चौरसिया, कैलाश साहू और एक अन्य शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग गांवों और मोहल्लों से थे और इंदौर से गुना लौट रहे थे। कई यात्री नींद में थे और अचानक तेज झटका लगते ही एक-दूसरे पर गिर पड़े। किसी को कुछ समझ नहीं आया कि क्या हुआ, लेकिन जब बस पलटी तो सभी चीख-पुकार मचाने लगे। अन्य घायलों में विकास पिता जगदीश परिहार (19) निवासी छपरा जिला अशोकनगर, बबलू पिता रमेश पाल (28) निवासी शिवपुरी, दिनेश पिता टीकाराम धाकड़ (37) निवासी मुरैना, मोहित पिता गोपाल महार (25) निवासी ग्वालियर, लक्ष्मी पति गोपाल महार (45) निवासी ग्वालियर, गंगा पति रविंद्र नामदेव (48) निवासी मुल्तानपुरा ब्यावरा, राजेंद्र पिता बाबूलाल नामदेव निवासी मुल्तानपुरा ब्यावरा सहित अन्य घायल हो गए।

एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों वाहनों की तेज रफ्तार ही हादसे का कारण मानी जा रही है। क्रेन की मदद से ड्राइवर का शव बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने रेस्क्यू में कोई कसर नहीं छोड़ी। यात्रियों का सामान भी सुरक्षित बाहर निकाला गया है। गुना में जैसे ही खबर पहुंची, मृतक ड्राइवर के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। अन्य घायल यात्रियों के परिजन भी खबर लगते ही शाजापुर के लिए रवाना हो गए। गुना से निकली यह यात्रा कई परिवारों के लिए पीड़ा और चिंता का सबब बन गई। हादसे ने एक बार फिर सडक़ सुरक्षा और भारी वाहनों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।-


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User