शांति वार्ता के बीच ट्रंप का दावा—ईरान से मिला ‘तेल-गैस’ से जुड़ा रहस्यमयी महंगा तोहफा
वॉशिंगटन (आरएनआई) अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और संभावित युद्धविराम वार्ता के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान चर्चा का केंद्र बन गया है। ट्रंप ने दावा किया है कि उन्हें ईरान की ओर से एक बेहद खास और महंगा तोहफा मिला है, जो तेल और गैस क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। हालांकि उन्होंने इस तोहफे की प्रकृति और विवरण साझा करने से साफ इनकार कर दिया, जिससे इस दावे को लेकर और ज्यादा रहस्य गहरा गया है।
व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप से जब ईरान के साथ बातचीत पर भरोसे को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वे किसी पर भरोसा नहीं करते, लेकिन उन्हें मिला यह तोहफा इस बात का संकेत है कि बातचीत सही दिशा में चल रही है। उन्होंने कहा कि यह तोहफा हाल ही में उनके पास पहुंचा है और इसकी कीमत काफी ज्यादा है, लेकिन इसके बारे में अधिक जानकारी देना वह उचित नहीं समझते।
इस बयान के बीच अमेरिकी प्रशासन की ओर से ईरान को 15 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव भेजे जाने की खबरें भी सामने आई हैं। ट्रंप ने हाल ही में ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले पांच दिनों के लिए रोकने का ऐलान किया था, जिसे वार्ता की दिशा में एक कदम माना जा रहा है। हालांकि ईरान की ओर से अब तक किसी औपचारिक बातचीत या प्रस्ताव को लेकर पुष्टि नहीं की गई है।
दूसरी ओर, ईरानी सेना ने ट्रंप के दावों को खारिज करते हुए उन पर तीखा तंज कसा है। सेना के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका अपनी विफलताओं को समझौते का नाम देने की कोशिश कर रहा है और यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता ईरान की ताकत पर निर्भर है। इस बयानबाजी के बीच पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है और अमेरिका द्वारा सैन्य तैनाती बढ़ाने की खबरें संभावित टकराव की आशंका को और बढ़ा रही हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)