लालू के दोनों बेटे पीछे, पहली बार चुनाव लड़ रहीं मैथिली ठाकुर आगे; कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

Nov 14, 2025 - 11:26
 0  243
लालू के दोनों बेटे पीछे, पहली बार चुनाव लड़ रहीं मैथिली ठाकुर आगे; कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

पटना (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना शुरू हो चुकी है और शुरुआती रुझानों में सत्ताधारी एनडीए महागठबंधन से आगे दिखाई दे रहा है। राज्य की 243 सीटों पर सुबह 8 बजे से चल रही मतगणना में कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इस बार राघोपुर के तेजस्वी यादव, तारापुर के सम्राट चौधरी, महुआ के तेज प्रताप यादव और लखीसराय के विजय कुमार सिन्हा जैसी प्रमुख सीटों पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं।

राघोपुर से लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पीछे चल रहे हैं। हालांकि उनके राजनीतिक कद और पूर्व जीतों के कारण यह सीट बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। तेजस्वी 2015 और 2020 में इस सीट से जीत चुके हैं और महागठबंधन ने उन्हें इस चुनाव में सीएम चेहरा घोषित किया है। भाजपा ने यहां से सतीश कुमार को मैदान में उतारा है, जिन्होंने 2010 में राबड़ी देवी को हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी।

इसी तरह महुआ सीट से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी पिछड़ रहे हैं। यह सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीटों में गिनी जा रही है और तेज प्रताप इस बार जनशक्ति जनता दल के टिकट पर मैदान में हैं।

दूसरी ओर भाजपा की युवा नेता और पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहीं मैथिली ठाकुर ने अलीनगर सीट पर बढ़त बना ली है। उनके प्रदर्शन ने चुनावी गलियारों में नई चर्चा शुरू कर दी है।

तारापुर से भाजपा के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे चल रहे हैं। वे पहले परबत्ता से राजद के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं और 2014 में पार्टी छोड़ने के बाद दोबारा अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत कर रहे हैं। उनका मुकाबला राजद उम्मीदवार अरुण कुमार से है।

लखीसराय सीट पर भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी बढ़त बनाए हुए हैं। तीन बार इस सीट से जीत चुके सिन्हा का मुकाबला कांग्रेस के अमरेष कुमार से है।

मोकामा सीट से बाहुबली छवि वाले जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह आगे चल रहे हैं। यहां हुए चर्चित हत्याकांड और प्रचार के दौरान उनकी गिरफ्तारी के बाद सीट ने काफी सुर्खियां बटोरीं। उनके प्रचार की कमान बाद में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने संभाली।

छपरा से राजद प्रत्याशी और भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव पीछे चल रहे हैं, जबकि सीवान में भाजपा के मंगल पांडे बढ़त बनाए हुए हैं। रघुनाथपुर से ओसामा शहाब पिछड़ रहे हैं, जबकि कटिहार में भाजपा के तारकिशोर प्रसाद आगे चल रहे हैं।

जमुई से भाजपा की श्रेयसी सिंह, सुपौल से जदयू के विजेंद्र प्रसाद यादव, सरायरंजन से जदयू के विजय कुमार चौधरी और जोकीहाट से राजद के शाहनवाज आलम ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है।

इन शुरुआती रुझानों ने यह साफ संकेत दे दिया है कि बिहार की कई सीटों पर मुकाबला बेहद रोचक और अप्रत्याशित मोड़ ले रहा है। अंतिम नतीजों का इंतजार पूरे प्रदेश में उत्सुकता बढ़ा रहा है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.