लखनऊ अग्निकांड: लपटें, चीखें और फिर खामोशी... सीढ़ियों तक पहुंची आग, बंद दरवाजे ने छीन ली 15 जिंदगियां

Tuesday, June 23, 2026 - 12:56
0
लखनऊ अग्निकांड: लपटें, चीखें और फिर खामोशी... सीढ़ियों तक पहुंची आग, बंद दरवाजे ने छीन ली 15 जिंदगियां

लखनऊ। (आरएनआई) अलीगंज स्थित कोचिंग एवं प्रशिक्षण केंद्र वाली इमारत में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। आग की लपटों में घिरे छात्र और कर्मचारी मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन कुछ ही देर में उनकी आवाजें हमेशा के लिए खामोश हो गईं। इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद इमारत के भीतर फंसे लोग बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे। नीचे की ओर जाने वाली सीढ़ियां आग और धुएं की चपेट में आ चुकी थीं, जिसके कारण लोग जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों और छत की ओर भागे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि छत तक जाने वाला दरवाजा समय रहते खुल जाता, तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

चिकित्सकों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया अधिकांश मृतकों की मौत दम घुटने से हुई प्रतीत होती है। इमारत में तेजी से फैले धुएं ने लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं दिया। सांस रुकने के बाद कई शव आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।

आग पर काबू पाने के बाद दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। जवानों ने एक-एक कर मृतकों के शव बाहर निकाले। कुछ शव इतने अधिक झुलस चुके थे कि उनके अवशेषों को बोरियों में भरकर एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम हाउस भेजना पड़ा। देर रात तक टॉर्च की रोशनी में मलबे के बीच तलाशी अभियान जारी रहा।

हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए बचाव कार्य के लिए रास्ता खाली कराया। घटनास्थल पर मौजूद महिलाओं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कई लोग अपने परिजनों की तलाश में अस्पतालों और घटनास्थल के बीच भटकते रहे। महिला पुलिसकर्मियों ने शोकाकुल परिवारों को संभालने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी भारी नाराजगी है कि जिस इमारत में आग लगी, वहां सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया गया था। लोगों का कहना है कि आग लगने के बाद बचाव के पर्याप्त रास्ते उपलब्ध नहीं थे, जिससे बड़ी संख्या में लोग अंदर ही फंस गए।

फिलहाल मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) और फोरेंसिक टीम द्वारा की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User