रूस के ऊर्जा ठिकानों पर यूक्रेन की ड्रोन स्ट्राइक, परमाणु संयंत्र पर हमले के आरोप को किया खारिज
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। यूक्रेन ने रूस के कई ऊर्जा ठिकानों पर ड्रोन हमले किए हैं, जबकि रूस द्वारा लगाए गए परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हमले के आरोपों को यूक्रेन ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। यूक्रेन ने इन आरोपों को रूस का "दुष्प्रचार" बताया है।
रूसी अधिकारियों के अनुसार, शनिवार रात से रविवार तक यूक्रेनी ड्रोन हमलों का सिलसिला जारी रहा। रूस के दक्षिण-पश्चिमी रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर यूरी स्ल्यूसर ने बताया कि ड्रोन के मलबे से एक ईंधन भंडारण केंद्र में आग लग गई, जिसके बाद आसपास के इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
वहीं, सारातोव प्रांत के गवर्नर रोमन बुसार्गिन ने कहा कि ड्रोन हमलों से नागरिक बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सारातोव शहर की एक तेल रिफाइनरी में भी आग लगने की घटना सामने आई है।
यूक्रेन का कहना है कि रूस के ऊर्जा क्षेत्र से मिलने वाले संसाधन और राजस्व युद्ध को जारी रखने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए इन ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में यूक्रेन ने रूस की तेल और गैस सुविधाओं पर हमलों की संख्या बढ़ा दी है।
इस बीच, रूस ने आरोप लगाया कि यूक्रेन ने उसके कब्जे वाले जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर ड्रोन हमला किया है। हालांकि यूक्रेन ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उसने किसी परमाणु संयंत्र को निशाना नहीं बनाया और रूस झूठे आरोप लगाकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
गौरतलब है कि जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु ऊर्जा केंद्र माना जाता है और युद्ध के दौरान इसकी सुरक्षा को लेकर लगातार अंतरराष्ट्रीय चिंता बनी हुई है। दोनों देशों के बीच बढ़ते हमलों ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर चिंता और बढ़ा दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



