राहुल गांधी ने मोहम्मद दीपक को बताया सच्चा देशभक्त, बोले—नफरत के खिलाफ खड़े होकर पेश की नई मिसाल
नई दिल्ली (आरएनआई) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी जिम संचालक दीपक कुमार की खुलकर सराहना की है। मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में खड़े होने वाले और ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से चर्चित दीपक को राहुल गांधी ने सच्चा देशभक्त बताते हुए कहा कि नफरत के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना और कमजोर की रक्षा करना ही असली देशभक्ति है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर दीपक कुमार और उनके मित्र विजय रावत के साथ मुलाकात का वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा कि देश में करोड़ों लोग प्रेम और सौहार्द में विश्वास रखते हैं, लेकिन डर के माहौल के कारण चुप रहते हैं। दीपक ने साहस दिखाकर यह साबित किया कि नफरत फैलाने वालों से डरने की जरूरत नहीं है। राहुल ने कहा कि जो लोग समाज में भय और घृणा फैलाते हैं, वे कायर हैं, जबकि दीपक जैसे लोग तिरंगे और संविधान की रक्षा कर रहे हैं।
यह मामला 26 जनवरी का है, जब कोटद्वार के पटेल मार्ग पर स्थित ‘बाबा’ नाम की कपड़ों की दुकान के बाहर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। आरोप था कि 70 वर्षीय दुकानदार वकील अहमद को अपनी दुकान का नाम बदलना चाहिए। इसी दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए। दुकानदार के बेटे के मित्र दीपक कुमार ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताते हुए प्रदर्शनकारियों का विरोध किया, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
इसके बाद 31 जनवरी को एक बार फिर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दुकान और दीपक के जिम के बाहर इकट्ठा हो गए। सड़क जाम हुई और नारेबाजी हुई। पुलिस के हस्तक्षेप से हालात पर काबू पाया गया और बड़ा टकराव टल गया। इस पूरे घटनाक्रम में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। 42 वर्षीय दीपक कुमार ‘द हल्क’ नाम से जिम चलाते हैं और उनका कहना है कि विवाद के बाद से उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
राहुल गांधी ने दीपक कुमार से दिल्ली स्थित 10 जनपथ पर मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस नेता वैभव वालिया समेत अन्य लोग भी मौजूद थे। दीपक की मुलाकात कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी कराई गई। राहुल गांधी ने दीपक की पत्नी से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि डरने की कोई जरूरत नहीं है और वह स्वयं कोटद्वार आकर उनसे मुलाकात करेंगे। दीपक ने इस दौरान कहा कि उन्हें भगवान के अलावा किसी से डर नहीं लगता।
इस पूरे घटनाक्रम पर राहुल गांधी ने संघ परिवार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि समाज और अर्थव्यवस्था में जहर घोलने की कोशिश की जा रही है, ताकि देश बंटा रहे। उन्होंने दीपक को भारत का नायक बताते हुए कहा कि वह संविधान और इंसानियत की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस मामले ने उत्तराखंड में सामाजिक और राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है, वहीं दीपक कुमार का साहस देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)