राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मथुरा-वृंदावन दौरा आज से, कड़े सुरक्षा इंतजाम
मथुरा (आरएनआई): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय ब्रज दौरा बृहस्पतिवार से शुरू हो रहा है, जिसे लेकर मथुरा और वृंदावन में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उनके प्रवास के दौरान करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, वहीं प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए विस्तृत तैयारियां की हैं।
राष्ट्रपति 19 से 21 मार्च तक ब्रज क्षेत्र में रहेंगी और इस दौरान विभिन्न प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन करेंगी। 19 मार्च की शाम वह अयोध्या से वृंदावन पहुंचेंगी, जहां इस्कॉन मंदिर और प्रेम मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम है। 20 मार्च को उनका कार्यक्रम और भी व्यस्त रहेगा, जिसमें उड़िया बाबा आश्रम, नीम करौरी बाबा आश्रम, रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम और वात्सल्य ग्राम का दौरा शामिल है। इसी दिन वह रामकृष्ण मिशन चैरिटेबल अस्पताल में कैंसर यूनिट का उद्घाटन भी करेंगी और संत प्रेमानंद से आध्यात्मिक चर्चा करेंगी।
दौरे के अंतिम दिन 21 मार्च को राष्ट्रपति गोवर्धन जाएंगी, जहां दानघाटी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वह गोल्फ कार्ट के जरिए गोवर्धन परिक्रमा करेंगी। इस पूरे कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही फुल ड्रेस रिहर्सल कर सभी व्यवस्थाओं को परखा है।
राष्ट्रपति के काफिले के लिए ‘जीरो ट्रैफिक’ व्यवस्था लागू की जाएगी, जिसके तहत उनके आवागमन के समय पूरे रूट को आम यातायात के लिए खाली रखा जाएगा। इसके चलते 19 और 20 मार्च को वृंदावन के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, वहीं कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए हैं। शहर के विभिन्न चौराहों और मार्गों पर बैरिकेडिंग कर यातायात को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया जाएगा।
एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार, राष्ट्रपति के दौरे को लेकर आठ जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। सुरक्षा, यातायात और प्रशासनिक स्तर पर हर पहलू की बारीकी से निगरानी की जा रही है, ताकि दौरा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)