अस्पताल से पिता का शव ठेली पर लादकर निकला बेटा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Sunday, September 17, 2023 - 17:22
0
अस्पताल से पिता का शव ठेली पर लादकर निकला बेटा,  वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

शाहाबाद, हरदोई । प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम तथा स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए काफी प्रयासरत हैं परंतु उनके अपने ही जिले में डॉक्टरों की लापरवाही के चलते स्वास्थ्य सेवाएं बद से बदकर होती जा रही हैं। इसकी एक बानगी सीएचसी शाहबाद में देखने को मिली। एक बेटा अपने पिता के शव को ठेली पर लादकर अपने घर ले जा रहा है। सीएचसी में डॉक्टरों ने उसे एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई। ठेली पर शव लादकर ले जाते हुए उसका वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल किया। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य महकमे की काफी किरकिरी हो रही है। तीन दिन पूर्व शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अल्लाहपुर निवासी मनोज कुमार ने पिता रामचंद्र को तेज बुखार आने के बाद सीएचसी में भर्ती कराया था। काफी देर तक रामचंद्र का इलाज चला। तकरीबन दो घंटे बाद रामचंद्र की मौत हो गई। पिता के शव को ले जाने के लिए मनोज ने सीएचसी के डॉक्टर से वाहन उपलब्ध कराने की मांग की परंतु से वाहन नहीं मिल सका। मनोज का कहना है कि डॉक्टर ने वाहन देने से मना करते हुए अपने वाहन की व्यवस्था करने के लिए कहा। तब उसने हाथ ठेली पर अपने पिता के शव को रखा और अपने घर के लिए चल दिया। शव को ठेली पर लादकर ले जाते वक्त स्वास्थ्य विभाग की बेहतर सुविधाओं की न केवल पोल खुली बल्कि संवेदन शून्य हो चुके स्वास्थ्य प्रशासन को भी जमकर लताड़ लगाई गई। ठेली पर शव ले जाते हुए मनोज का वीडियो किसी ने बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर शव ले जाते हुए वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य महकमे की काफी फजीहत हो रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User