यूपी में मौसम का यू-टर्न: लखनऊ समेत अवध में बारिश से राहत, आगे भी बरसात के आसार
लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के उलट बुधवार सुबह राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे बीते दिनों की बढ़ती तपिश में गिरावट दर्ज की गई।
31 मार्च की रात से बदले मौसम ने मंगलवार देर रात हल्की बूंदाबांदी के साथ दस्तक दी, जो बुधवार सुबह तक झमाझम बारिश में बदल गई। गोमती नगर, हजरतगंज, आलमबाग, अंसल और पीजीआई सहित कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में स्पष्ट कमी महसूस की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। सुबह का न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों तक लखनऊ और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
इस बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है, जिसका असर राजधानी के बाहरी क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। वहीं, मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अप्रैल से जून के बीच इस बार गर्मी का प्रकोप अधिक रहेगा, खासकर पूर्वांचल और मध्यांचल में तापमान ज्यादा बढ़ेगा।
हालांकि अप्रैल महीने में सामान्य से अधिक बारिश के कारण बीच-बीच में लोगों को राहत मिलती रहेगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, हिंद महासागर की तटस्थ स्थिति के चलते अप्रैल में पूर्वांचल को छोड़ अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना है।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिला है। मंगलवार को सहारनपुर, मथुरा और अलीगढ़ में हल्की बूंदाबांदी हुई, वहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तापमान की बात करें तो बांदा 40.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि प्रयागराज में 38.8 और अमेठी में 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम के इस अचानक बदलाव ने जहां लोगों को फिलहाल राहत दी है, वहीं आने वाले दिनों में फिर से बढ़ती गर्मी के संकेत भी साफ नजर आ रहे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)